कोरिया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुंठपुर (कोरिया), 28 मार्च। कोरिया जिले के थाना पटना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम तेंदुआ निवासी आरती पटेल ने थाना पटना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि टेंगनी निवासी संदीप सिंह सारथी ने दिसंबर 2024 में महिला एवं बाल विकास विभाग में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर के पद पर नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर उससे विभिन्न किश्तों में लगभग 2 लाख 40 हजार रुपये तथा अन्य राशियां लीं, लेकिन नौकरी नहीं दिलाई।
इसी तरह आरोपी पर स्तुति पटेल और प्रियंका कुजूर से आत्मानंद विद्यालय में शिक्षक पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर 1 लाख 80 हजार रुपये-1 लाख 80 हजार रुपये लेने का आरोप है।
प्रकरण में थाना पटना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी ने ठगी की राशि से एक कार खरीदी थी। उक्त कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को 27 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायालय बैकुंठपुर में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया। मामले की आगे जांच जारी है।


