कोरिया

मांगों को ले कर्मियों की 5 दिनी हड़ताल शुरू
25-Jul-2022 4:01 PM
मांगों को ले कर्मियों की 5 दिनी हड़ताल शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुंठपुर 25 जुलाई।
कोरिया जिले में सोमवार से लोगों की दिक्कते बढ़ गयी है, सिर्फ संविदा कर्मचारियोंं के भरोसे सरकारी काम रह गया है, नियमित अधिकारी कर्मचारी हर विभाग के हड़ताल पर चले गए तो शिक्षकों ने भी काम बंद करके प्रेमाबाग मंदिर में रूद्राभिषेक कर सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। इससे जिले भर के कार्यालय मे काम पूरी तरह से ठप हो चुका है। सरकारी कार्यालय आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन का कहना है कि राज्य सरकार उनके साथ खेला कर रही है, हमारी मांगें जायज है, लगातार बढ़ती महंगाई से हर कोई परेशान है। सरकार हम लोगों का सुनने को तैयार नहीं है। यदि हमारी मांगे नहीं मानी गई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

कोरिया जिले के सभी कर्मचारी संगठनों ने एकजुट होकर हड़ताल पर चले गए। जिलामुख्यालय बैकुंठपुर स्थित प्रेमाबाग में अधिकारी कर्मचारी हड़ताल पर बैठे रहे। इसके चलते अगले 7 दिनों तक सभी सरकारी दफ्तर लगभग बंद रहेंगे। कर्मचारियों की यह हड़ताल 25 से 29 जुलाई तक है। इसके बाद 30 जुलाई को शनिवार और 31 को रविवार का अवकाश है। शिक्षक पहले से ही हड़ताल पर हैं। इसलिए स्कूलों में भी बच्चों को 5 दिन मिड-डे-मील नहीं मिलेगा। राज्य के कर्मचारी केंद्रीय कर्मचारियों के समान डीए (महंगाई भत्ते) और एचआरए (मकान किराया भत्ता) की मांग कर रहे हैं। अभी केंद्र सरकार के कर्मचारियों को 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाता है। जबकि राज्य कर्मचारियों को महज 22 फीसदी ही मिलता है। ऐसे में अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन ने हड़ताल का आह्वान किया है। इसमें अन्य कर्मचारी संगठन, शिक्षक संघ, सचिव संघ, सुपरवाईजर संघ, लिपिक संघ और पटवारी संघ भी शामिल हो गए हैं। कर्मचारियों की इस हड़ताल के कारण बहुत सारी सेवाएं बाधित हो जाएंगी।

विधानसभा के जवाब और वैक्सीनेशन पर असर
इन दिनों विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है। ऐसे में कर्मचारियों की हड़ताल का असर वहां भी पड़ेगा। कार्यवाही के दौरान ऐसे कई सवाल और सूचनाएं मांगी जाती हैं, जो तत्काल लगाई जाती हैं। इसका जवाब संबंधित विभाग के अधिकारी को देना होता है, लेकिन जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी कर्मचारियों की ही होती है। ऐसे में यह काम प्रभावित हुआ है। इसी तरह वैक्सीनेशन, जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य कार्यों में शिक्षकों की ड्यूटी लगी है। उस पर भी असर देखा गया।

मांगें पूरी न होने पर अनिश्चिकालीन हड़ताल की चेतावनी
कोरिया टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बीरेन्द्र तिवारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ ही एकमात्र ऐसा राज्य है जहां केवल 22 प्रतिशत मंहगाई भत्ता दिया जा रहा है। प्रांतिय निकाय के आव्हान पर जिला कोरिया में कार्यरत शिक्षक संवर्ग के सभी शिक्षक अपनी लंबित महंगाई भत्ता और सातवें वेतन मान के आधार पर गृहभत्ता की मांग है। अगर मांग पूरी नहीं होती है, तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन आंदोलन के लिए तैयार हैं।

उनके साथ काफी संख्या में शिक्षकों ने सरकार को सद्बुद्धि के लिए प्रेमाबाग शिवमंदिर में रूद्राभिषेक किया। इसके अलावा नवीन शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष हरिकांत अग्निहोत्री, शालेय शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष बिजेन्द्र नाथ यादव ने भी मांगों के समर्थन में पत्र जारी कर हड़ताल पर चले गए है।
 


अन्य पोस्ट