कोरिया

रिटायर्ड कॉलरी कर्मचारी के घर दागी गोली, खौफ
16-May-2022 5:01 PM
रिटायर्ड कॉलरी कर्मचारी के घर दागी गोली, खौफ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 16 मई।
झगराखंड थानांतर्गत गोलाई दफाई में रिटायर्ड एसईसीएल कर्मचारी के घर के अंदर गोली दागे जाने की घटना सामने आई है। घटना से परिवार में दहशत का वातावरण निर्मित है।

झगराखंड गोलाई दफाई वार्ड क्र. 5 निवासी रिटायर्ड एसईसीएल कर्मचारी 63 वर्षीय रामसखा कोल ने झगराखंड पुलिस थाने पहुंचकर इस आशय की रिपोर्ट दर्ज कराई कि घटना दिवस 14 मई की रात करीब 10 बजे वह शादी में ईंट भट्टा दफाई गया हुआ था। रात साढ़े 11 बजे वह शादी से घर वापस आया तो उसी समय पटाखा जैसी जोर से आवाज आई। जाकर देखा तो गैलरी में गोली पड़ी थी। गैलरी के ऊपर सीमेंट की सीट छत में छेद नजर आया। छेद के नीचे तांबा/पीतल कलर का गोलीनुमा टुकड़ा पड़ा था।

प्रार्थी ने कहा कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके घर की छत पर चढक़र उन्हें डराने के लिए गोली चलाई गई है जिससे पूरा परिवार भयभीत है। डर के कारण पूरा परिवार रात में घर से बाहर नहीं निकला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर गहनता से घटना की पड़ताल की जा रही है।
 


अन्य पोस्ट