कोरिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुंठपुर, (कोरिया) 30 दिसंबर। नगर पालिका चुनाव संपन्न होने के बाद अध्यक्ष पद को लेकर सियासत शुरू हो गयी है। कोरिया जिले के नगरीय निकाय शिवपुर चरचा तथा नगर पालिका बैकुंठपुर में अध्यक्ष का चुनाव के लिए 1 जनवरी 2022 को चुनाव होने की संभावना है। इसके पूर्व नगर पालिका बैकुंठपुर में नपा अध्यक्ष के लिए कई दावेदारों का नाम सामने आ रहे हैं, लेकिन एक दिन पूर्व तक किसी का नाम तय कर फाईनल नहीं किया गया है। जबकि संभवित नामों को लेकर भी अभी स्पष्ट स्थिति नहीं है।
नगर पालिका बैकुंठपुर में नपा अध्यक्ष के लिए दो नामों को लेकर चर्चा की जा रही थी, इसी बीच तीसरे नाम के समर्थन में कई वार्ड के लोग कांग्रेस जिला अध्यक्ष के घर पहुंच कर दावेदारी की।
उल्लेखनीय है कि नपा बैकुंठपुर में कांग्रेस 20 वार्ड में से 11 वार्ड में जीतकर बहुमत पर है, लेकिन जिस तरह से कांग्रेस में ही अध्यक्ष पद को लेकर खींचतान चल रही है, कहीं उसका फायदा भाजपा तो नहीं उठा लेगी। यह सवाल भी लोगों मन मे है। भाजपा के पदाधिकारी कांग्रेस के अंदर चल रही खींचतान पर नजर बनाए हुए हैं।
एक जनवरी को संभावित है कि नगर पालिका के अध्यक्ष का चुनाव करा लिया जायेगा, जिसके लिए एक दिन पूर्व दोपहर तक किसी तरह की कोई सूचना नहीं मिल पायी थी। वहीं नगर पालिका शिवपुर चरचा में भी कांग्रेस अधिक सीटें जीती है और अध्यक्ष पद के लिए दावेदार है। यहां से अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ एक नाम ही सामने आ रहा है। यहां पार्टी मेंं किसी तरह की कोई खींचतान नहीं है, ऐसे में शिवपुर चरचा में अध्यक्ष पद के लिए जिस एक नाम की चर्चा हो रही है संभावत: पार्टी उसी नाम पर अंतिम मुहर लगा सकती है।