कोण्डागांव

एकलव्य विद्यालय विवाद: मांगों पर चक्काजाम, दोबारा जांच के आश्वासन पर समाप्त हुआ आंदोलन
29-Nov-2026 9:53 PM
एकलव्य विद्यालय विवाद: मांगों पर चक्काजाम, दोबारा जांच के आश्वासन पर समाप्त हुआ आंदोलन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 29 नवंबर। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय श्यामपुर (माकड़ी) में अव्यवस्थाओं और शिक्षिका प्रियंका परिहार से जुड़े विवाद को लेकर शनिवार को बस्तरिया राज मोर्चा, आम आदमी पार्टी, एकलव्य विद्यालय के पालकों और भीम आर्मी ने चौपाटी मैदान में धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने चक्काजाम कर अपनी मांगें रखीं।

करीब एक महीने से जारी इस मामले में बच्चों के छात्रावास नहीं लौटने और उनकी पढ़ाई प्रभावित होने को लेकर पालकों ने चिंता जताई। प्रशासन की ओर से एसडीएम अश्वन कुमार पुसाम ने आंदोलनकारियों का ज्ञापन लेकर मांगों पर दोबारा बिंदुवार जांच कर रिपोर्ट से अवगत कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद चक्काजाम समाप्त किया गया।

मामले की शुरुआत 10 अक्टूबर को हुई, जब एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शामपुर की शिक्षिका प्रियंका परिहार ने विद्यालय में सुविधाओं की कमी और अव्यवस्थाओं का हवाला देते हुए फिनायल पी लिया था। उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद उन्हें श्यामपुर विद्यालय से हटाकर जगदलपुर अटैच कर दिया गया। इस निर्णय के विरोध में 31 अक्टूबर को शिक्षिका, पालकों और बच्चों ने कलेक्टर कार्यालय में प्रदर्शन किया। उस दौरान जांच का आश्वासन दिया गया था।

आश्वासन के बाद 3 नवंबर को जांच दल विद्यालय पहुंचा, लेकिन जांच के दौरान सीसीटीवी एक्सपर्ट मौजूद नहीं होने पर आदिवासी समाज और पालकों ने विरोध जताया। उसी दिन देर शाम पालक विद्यालय की प्राचार्य चंद्रकिरण तिवारी, बालक और बालिका छात्रावास अधीक्षकों के खिलाफ शिकायत लेकर अजाक थाना पहुंचे। यहां पुलिस और समाज के लोगों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हुई। इसके बाद 13 नवंबर को दोबारा जांच दल विद्यालय पहुंचा और फिर तीसरी बार भी जांच की गई। इसी बीच समाज की ओर से पालकों और प्रियंका परिहार के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की जानकारी दी गई।

24 नवंबर को संस्था से अटैच शिक्षिका प्रियंका परिहार के श्यामपुर विद्यालय में प्रवेश करने के बाद 25 नवंबर की तडक़े पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के विरोध में आदिवासी समाज और पालकों ने प्रदर्शन किया। इसके बाद 27 नवंबर को बड़ेकनेरा मार्ग स्थित गोंडवाना भवन में प्रेसवार्ता कर 28 नवंबर को धरना और चक्काजाम का आह्वान किया गया था।

दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई और प्रियंका की बहाली की मांग

शनिवार को हुए प्रदर्शन में बस्तरिया राज मोर्चा के जिला अध्यक्ष ईश्वरलाल कोर्राम ने कहा कि 31 अक्टूबर से 28 नवंबर तक करीब 29 दिन बीतने के बाद भी बच्चों के छात्रावास नहीं लौटने से पालक चिंतित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों के रहने, खाने और पढऩे की व्यवस्था में गंभीर अव्यवस्थाएं थीं, लेकिन संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने शिक्षिका प्रियंका परिहार की बर्खास्तगी तत्काल निरस्त कर उन्हें पुन: पदस्थ करने की मांग की। साथ ही एकलव्य विद्यालय समिति के अध्यक्ष, सचिव, प्राचार्य, अधीक्षक-अधीक्षिका और खाद्यान्न सामग्री सप्लाई करने वाले ठेकेदारों की भूमिका की जांच कर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग उठाई।

आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुक्कू राम नाग ने आरोप लगाया कि मामले में जांच के नाम पर पालकों को लगातार उलझाया जा रहा है और अपनी बात रखने वाले पालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

उन्होंने प्रियंका परिहार के खिलाफ दर्ज एफआईआर निरस्त करने और उनकी पूर्व पदस्थापना बहाल करने की मांग की। नाग ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक पर भी सवाल उठाते हुए दोनों को जिले से हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर कलेक्टर कार्यालय, विधायक और एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

वहीं पालक संतू राम नेताम ने दावा किया कि जांच में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता से जुड़ी गड़बडिय़ां सामने आई हैं। उन्होंने विद्यालय में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिलने का आरोप लगाते हुए प्राचार्य चंद्रकिरण तिवारी, बालिका छात्रावास अधीक्षिका निशु पंगाल, बालक छात्रावास अधीक्षक राजबीर यादव, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना और सहायक आयुक्त कृपेंद्र तिवारी की भूमिका की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि पालकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है, इसलिए मामले में जिम्मेदार पाए जाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर भी निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

एसडीएम बोले- पहले की शिकायतों पर कार्रवाई, नए ज्ञापन के बिंदुओं की फिर होगी जांच

प्रशासन की ओर से मौके पर पहुंचे एसडीएम अश्वन कुमार पुसाम ने कहा कि एकलव्य आवासीय विद्यालय श्यामपुर से संबंधित पूर्व में मिली शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। हालांकि पालक संतुष्ट नहीं हैं और उन्होंने नए सिरे से ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में शामिल सभी बिंदुओं की दोबारा जांच कर बिंदुवार रिपोर्ट आंदोलनकारियों को उपलब्ध कराई जाएगी।

एसडीएम ने बताया कि भोजन की गुणवत्ता और अव्यवस्थाओं से संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई की गई है।

बालिका छात्रावास की अधीक्षिका को निलंबित किया गया है, बालक छात्रावास के अधीक्षक को बर्खास्त किया जा चुका है और प्राचार्य को भी दोषी मानते हुए संस्था से हटाया गया है। वहीं शिक्षिका प्रियंका परिहार की बहाली के सवाल पर उन्होंने कहा कि मामला न्यायालयीन प्रक्रिया से जुड़ा है, इसलिए इस पर वे कुछ नहीं कहना चाहेंगे।

ज्ञापन सौंपने और प्रशासन की ओर से दोबारा बिंदुवार जांच का आश्वासन मिलने के बाद आंदोलनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। अब मामले में प्रशासन की ओर से जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर रहेगी।


अन्य पोस्ट