कोण्डागांव

कोर्ट परिसर में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, शपथ ग्रहण
28-Nov-2026 9:34 PM
कोर्ट परिसर में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, शपथ ग्रहण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 28 नवंबर। भारत के संविधान के प्रति सम्मान, निष्ठा एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 26 नवम्बर को संविधान दिवस के अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर कोण्डागांव में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव खिलावन राम रिगरी के नेतृत्व व उपस्थिति में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्तागण एवं न्यायालयीन अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया गया तथा संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों को आत्मसात करने की शपथ ली गई।

इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश खिलावन राम रिगरी ने संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार स्तंभ है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय का अधिकार प्रदान करता है। संविधान में निहित मूलभूत सिद्धांतों एवं कर्तव्यों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से संवैधानिक मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश विक्रम प्रताप चंद्रा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी प्रतिभा मरकाम, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गायत्री साय, प्रशिक्षु न्यायिक मजिस्ट्रेट सीमा टांडे सहित अधिवक्तागण एवं न्यायालय के अधिकारी /कर्मचारीगण तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारीगण/अधिकार मित्र उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट