कोण्डागांव

हथकली उच्च प्राथमिक शाला में मना संविधान दिवस
28-Nov-2026 9:33 PM
हथकली उच्च प्राथमिक शाला में मना संविधान दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 28 नवंबर। संकुल केंद्र हासेल के अंतर्गत आने वाली शासकीय उच्च प्राथमिक शाला हथकली में 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, जिला मिशन समन्वयक ईमल बघेल और विकास खंड शिक्षा अधिकारी जगमोहन भोयर के मार्गदर्शन में जिले के विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों के तहत यह आयोजन हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य रामनाथ नाग तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मर्दापाल तहसील के नायब तहसीलदार विजय प्रताप सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संविधान की मूल भावना से परिचित कराते हुए सत्य, समानता और संवैधानिक मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया।

शाला के शिक्षक रमेश कुमार अनंत ने कबाड़ से जुगाड़ अवधारणा के तहत अनुपयोगी कार्डबोर्ड (गत्ते) से डॉ. भीमराव अंबेडकर का कट-आउट और भारतीय संविधान का प्रारूप तैयार किया। इसके साथ ही उन्होंने डॉ. अंबेडकर के जीवन पर आधारित स्वरचित कविता का पाठ किया।

शाला के प्रधान अध्यापक पुरुषोत्तम राम साहू ने विद्यार्थियों को 1946 में संविधान सभा की शुरुआत से लेकर 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकृत होने और इसके लागू होने तक के इतिहास की जानकारी दी। इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और पालक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट