कोण्डागांव
वन मंत्री ने युवाओं को निर्धारित लक्ष्य की दिशा में आगे बढऩे की दी प्रेरणा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 29 नवंबर। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप की पहल से शनिवार को मर्दापाल के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में दो दिवसीय ‘दिशा युवा समागम’ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसमें क्षेत्र की लगभग 12 शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन का वर्तमान समय अत्यंत महत्वपूर्ण है। यही वह अवसर है, जब उन्हें अपने भविष्य की दिशा और लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति गंभीर रहते हुए अपनी रुचि, क्षमता और प्रतिभा को पहचानना चाहिए। केवल नौकरी प्राप्त करना ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि अपने चुने हुए क्षेत्र में दक्षता और कौशल हासिल करना भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को मोबाइल का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि ज्ञान अर्जित करने, नई तकनीक सीखने और अपने कौशल को विकसित करने के लिए करना चाहिए। युवाओं को समय का सदुपयोग करते हुए प्रतिदिन कुछ नया सीखने का प्रयास करना चाहिए।
मंत्री श्री कश्यप ने प्रेरक कहानी के माध्यम से कार्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और उद्देश्य की महत्ता समझाई। उन्होंने कहा कि एक ही काम करने वाले व्यक्तियों के उद्देश्य अलग-अलग हो सकते हैं। इसलिए जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अपने कार्य के पीछे सकारात्मक उद्देश्य होना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सपने वे नहीं होते जो नींद में आते हैं, बल्कि सपने वे होते हैं जो हमें सोने नहीं देते।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा और क्षमता मौजूद होती है। आवश्यकता केवल उसे पहचानने और सही दिशा में विकसित करने की है। विद्यार्थियों को दूसरों से अपनी तुलना करने के बजाय अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। हर व्यक्ति की अपनी विशिष्ट प्रतिभा होती है, जिसे पहचानकर आगे बढऩा चाहिए।
मंत्री श्री कश्यप ने विद्यार्थियों को जीवन में असफलताओं से निराश नहीं होने की सीख देते हुए कहा कि असफलता और कठिन परिस्थितियां जीवन का हिस्सा हैं।
इनसे सीख लेकर निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। निरंतर मेहनत, दृढ़ संकल्प और सही मार्गदर्शन से सफलता प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधाओं और क्षेत्र में शैक्षणिक अधोसंरचना के विस्तार के लिए शासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मर्दापाल में डोम शेड निर्माण की घोषणा करते हुए उन्होंने बताया कि क्षेत्र में छात्रावासों के निर्माण तथा प्राथमिक शालाओं की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही महाविद्यालय भवन का कार्य टेंडर प्रक्रिया में है तथा खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए मिनी स्टेडियम का निर्माण भी प्रस्तावित है।
मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। माओवाद के प्रभाव में कमी आने से अंदरूनी क्षेत्रों तक आवागमन सुगम हुआ है और विकास कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में बस्तर देश के सबसे विकसित आदिवासी संभाग के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने युवाओं से वर्ष 2047 के विकसित भारत और विकसित बस्तर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बाल संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष यशवंत जैन ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में किसी भी परिस्थिति में रुकना नहीं चाहिए। असफलता के बाद भी नए अवसर और नई संभावनाएं सामने आती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि परिस्थितियां कैसी भी हों, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।
जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर ने कहा कि ‘दिशा युवा समागम’ बस्तर के युवाओं को नई दिशा और ऊंचाइयां प्रदान करने की महत्वपूर्ण पहल है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए तथा जिस क्षेत्र में आगे बढऩा चाहते हैं, उसके अनुरूप तैयारी और मेहनत करनी चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए विभिन्न विषय विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है। विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को करियर चयन, मानसिक विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, समय प्रबंधन और व्यक्तित्व विकास के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में वन मंत्री ने स्वयं विद्यार्थियों के पास जाकर उनसे आत्मीय संवाद किया और विद्यार्थियों को रुचि अनुसार करियर चयन कर आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित किया गया। आयोजन में विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं द्वारा विज्ञान मॉडल को प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनिता कोर्राम, जिला पंचायत सदस्य यशोदा रामचंद्र कश्यप, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, टंकेश्वर जैन, मर्दापाल की सरपंच जयंती कश्यप, जनपद सदस्य श्री कश्यप एवं रमशीला कोर्राम, पवन कोर्राम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण, जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, डीएमसी ईमल बघेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।