कोण्डागांव

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में धूमधाम से मना संविधान दिवस समारोह
27-Nov-2026 9:03 PM
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में धूमधाम से मना संविधान दिवस समारोह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 27 नवंबर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कोंडागांव में पीएम श्री योजना के अंतर्गत संविधान दिवस समारोह 2026 उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के प्रभारी  विनायक कोहली रहे। समारोह विद्यालय के प्राचार्य नंदकिशोर वासनिक के मार्गदर्शन में और सीसीए प्रभारी कंचन तिवारी के सहयोग से संपन्न हुआ।

समारोह का मुख्य आकर्षण सामाजिक विज्ञान प्रयोगशाला से लाई गई भारतीय संविधान की मूल प्रति जैसी प्रतिकृति रही। इसे सामाजिक विज्ञान गलियारे में प्रदर्शित किया गया, जहाँ विद्यार्थियों ने उसे नज़दीक से देखा, उसके पन्नों की सजावट और लिखावट की बारीकियों को समझा तथा संविधान निर्माण की ऐतिहासिक विरासत से सीधा जुड़ाव महसूस किया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रात:कालीन सभा में भारतीय संविधान के परिचय और उसकी विशिष्ट विशेषताओं से हुई। इसके बाद सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से उद्देशिका का वाचन किया। विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ से संविधान सभा के सदस्यों पर भाषण प्रस्तुत किए, जबकि कला प्रयोगशाला में संविधान विषय पर चित्रकला एवं ड्राइंग कार्यशाला आयोजित की गई। सामाजिक विज्ञान शिक्षक ने संविधान के निर्माण के इतिहास पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। प्राचार्य नंदकिशोर वासनिक ने भारतीय संविधान के महत्व और उसके मूल्यों को जीवन में अपनाने पर बल दिया।

कार्यक्रम में शिक्षकों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।


अन्य पोस्ट