कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 25 नवंबर। प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप ने मर्दापाल क्षेत्र के ग्राम बोटीकनेरा, हड़ेली और कुधूर में 12 करोड़ 47 लाख 75 हजार रुपये की लागत के 10 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें सडक़ निर्माण, 100 बिस्तरीय छात्रावास, आहाता, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और सोलर हाई मास्ट लाइट स्थापना के कार्य शामिल हैं।
मंत्री कश्यप ने कहा कि नक्सलवाद से मुक्ति के बाद बस्तर में शांति और विश्वास का वातावरण बना है। अब प्रशासनिक अधिकारी दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं। शासन की प्राथमिकता सडक़, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी सुविधाएं प्रत्येक गांव तक पहुंचाना है।
ग्राम बोटीकनेरा में 72.50 लाख रुपये के विभिन्न कार्यों, ग्राम हड़ेली में 6.87 करोड़ रुपये की लागत से 5.975 किलोमीटर सडक़ निर्माण तथा ग्राम कुधूर में 2.71 करोड़ रुपये की लागत से 100 बिस्तरीय छात्रावास भवन का निर्माण शामिल है। इसके अलावा ग्राम पंचायत जोड़ेंगा में 2.16 करोड़ रुपये की लागत से 1.92 किलोमीटर सडक़ निर्माण किया जाएगा।
मंत्री ने अधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड, बिजली और अन्य योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों के कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि जिले की बीसी सखियों ने लगभग 5 करोड़ 15 लाख रुपये का बैंकिंग लेन-देन किया है।
उन्होंने कहा कि बस्तर की वनोपज, कोदो-कुटकी, मडिय़ा और पारंपरिक उत्पादों की प्रोसेसिंग एवं ब्रांडिंग से स्थानीय रोजगार और ग्रामीणों की आय बढ़ाई जा सकती है। साथ ही बस्तर की सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया।
ग्रामीणों की मांग पर विकास कार्यों की घोषणाएं
मंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर विभिन्न गांवों में पुलिया, सीसी सडक़, रंगमंच, घोटुल गुड़ी एवं माता गुड़ी निर्माण सहित अन्य कार्यों के लिए राशि देने की घोषणाएं कीं। इनमें चमई, जोगीअलवाड़, पेरमापाल, चेरंग, केजंग, मड़ागांव, रेंगागोंदी, बेदबेड़ा, खंडाम, कचोरा, पोलंग, चांगेर, कांगा, झारा और बादालूर के विकास कार्य शामिल हैं। हड़ेली में खेल मैदान के समतलीकरण और सार्वजनिक डोम शेड निर्माण की स्वीकृति भी दी गई।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि प्रशासन की पहुंच अब दूरस्थ गांवों तक बढ़ी है। क्षेत्र में सडक़, पुल-पुलिया, छात्रावास और विद्युतीकरण के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य यशोदा कश्यप, जनपद सदस्य रामशिला मरकाम, बेलकुराम बघेल, पवन कोर्राम, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई सहित जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।