कोण्डागांव

जामगांव में 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र शुरू होने से केशकाल क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
24-Nov-2026 11:00 PM
जामगांव में 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र शुरू होने से केशकाल क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

कोंडागांव, 24 नवम्बर। कोंडागांव जिले के केशकाल क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को धनोरा में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में ग्राम जामगांव में 35 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 132/33 के.वी. विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया।

इस उपकेंद्र के प्रारंभ होने से केशकाल क्षेत्र के 51 हजार 726 बिजली उपभोक्ताओं सहित केशकाल और बड़े राजपुर विकासखंड के लगभग 185 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी मजबूत होगी।मुख्यमंत्री श्री साय कोंडागांव जिले के ग्राम धनोरा में आयोजित राज राजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती, कलार समाज महोत्सव एवं भूमिपूजन-लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस दौरान उन्होंने कुल 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपये की लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इसी क्रम में जामगांव स्थित विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा।

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल, वन मंत्री  केदार कश्यप, कांकेर सांसद  भोजराज नाग, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, विधायक केशकाल नीलकंठ टेकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि और आईजी  बीएन मीणा, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

विद्युत कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से मिलेगी राहत

पूर्व में केशकाल क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बार-बार विद्युत कटौती और लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती थी। इसके कारण घरेलू उपभोक्ताओं को परेशानी होती थी, वहीं किसानों को खेतों में सिंचाई के लिए विद्युत पंप चलाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर कृषि कार्यों के दौरान पर्याप्त वोल्टेज और नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिलने से किसानों की दिनचर्या और खेती-किसानी प्रभावित होती थी। अब जामगांव में नए विद्युत उपकेंद्र के प्रारंभ होने से इन समस्याओं में कमी आएगी तथा क्षेत्रवासियों को बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र से केशकाल विकासखंड के 121 गांवों और बड़े राजपुर विकासखंड के 64 गांवों सहित कुल लगभग 185 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके माध्यम से क्षेत्र के 51 हजार 726 विद्युत उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। उपकेंद्र के संचालन से विद्युत आपूर्ति प्रणाली को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की गुणवत्ता एवं उपलब्धता में सुधार लाने में सहायता मिलेगी।

किसानों और ग्रामीण परिवारों के लिए बेहतर विद्युत सुविधा

बेहतर विद्युत आपूर्ति से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ कृषि कार्यों को भी लाभ मिलेगा। किसानों को सिंचाई के लिए विद्युत पंपों के संचालन में सहूलियत होगी। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू उपयोग, छोटे व्यवसायों और अन्य विकास गतिविधियों के लिए बिजली की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करने में भी यह उपकेंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


अन्य पोस्ट