कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 25 नवंबर। कोण्डागांव के गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा में मंगलवार 24 नवंबर को सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। कार्यक्रम में कोण्डागांव सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में संगत शामिल हुई। आयोजन के दौरान श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के बाद कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें संगत ने गुरु की वाणी का श्रवण किया। इसके बाद गुरु का लंगर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
प्रकाश पर्व के अवसर पर शाम 4 बजे से नगर कीर्तन (शोभायात्रा) निकाली गई। पालकी साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज का स्वरूप विराजमान रहा। पंज प्यारों की अगुवाई में निकले नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में संगत शामिल हुई। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं ने पालकी साहिब के दर्शन कर अपनी श्रद्धा अर्पित की। नगर कीर्तन की वापसी के बाद गुरुद्वारा साहिब में गुरु के लंगर का आयोजन किया गया।
गुरुद्वारा कोण्डागांव के ज्ञानी गुरप्रीत सिंह खालसा ने बताया कि श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व पर कोण्डागांव और आसपास के नगरवासियों ने बड़ी श्रद्धा के साथ गुरुपर्व मनाया। इस बार हजारों की संख्या में संगत पहुंची। सभी के लिए लंगर और अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं। उन्होंने कहा कि नगर कीर्तन में पालकी साहिब के साथ संगत शामिल हुई और नगरवासियों को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज के दर्शन का अवसर मिला।