कोण्डागांव

संविधान की प्रस्तावना के साथ बच्चों ने ली राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ
27-Nov-2026 9:02 PM
संविधान की प्रस्तावना के साथ बच्चों ने ली राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 27 नवंबर। जिला अंतर्गत जनपद प्राथमिक शाला बुनागाँव में गुरुवार, 26 नवंबर को संविधान दिवस बड़े ही उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई और देश की राष्ट्रीय एकता व अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के साथ-साथ उनके मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं नैतिक मूल्यों से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान अध्यापक सूरज लाल नेताम एवं शिक्षिका मोनिका साहू द्वारा भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने एक स्वर में भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का पाठ किया। इस दौरान सभी ने जाति, धर्म और भाषा से ऊपर उठकर देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया। शिक्षकों ने सरल भाषा में बच्चों को बताया कि 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत हमारा संविधान च्विविधता में एकताज् के सूत्र को पिरोते हुए देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है।

मौलिक कर्तव्य और सामाजिक समरसता: शिक्षकों ने बच्चों को अधिकारों के साथ-साथ उनके मौलिक कर्तव्यों, जैसे—राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करना, आपसी भाईचारा बनाए रखना, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और अनुशासन को दैनिक जीवन में अपनाने की सीख दी गई।

 शिक्षिका मोनिका साहू के मार्गदर्शन में बच्चों ने संविधान निर्माण और राष्ट्रीय एकता से जुड़े सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी में उत्साहपूर्वक भाग लिया वहीं नन्हे विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत गाए।

आदर्श नागरिक बनने का लिया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में प्रधान अध्यापक सूरज लाल नेताम ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के बच्चे ही कल के सशक्त और एकजुट भारत के निर्माता हैं, इसलिए बचपन से ही उनमें संविधान के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता की भावना और नैतिक मूल्यों का होना अत्यंत आवश्यक है।

 कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रभू लाल नेताम, शिक्षक रूपेश कल्लो, शकुंतला यादव,प्रदीप नाग और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बालमती नेताम उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट