कोण्डागांव

नन्हे रोजेदार कार्यक्रम, 150 से अधिक बच्चों का सम्मान
12-Apr-2026 10:30 PM
नन्हे रोजेदार कार्यक्रम, 150 से अधिक बच्चों का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 12 अप्रैल।
ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन, कोंडागांव जिला द्वारा केशकाल स्थित मेमन जमात खाना में नन्हे रोजेदार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिराज एवं प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी वसीम अहमद की सरपरस्ती में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान रमजान के पवित्र महीने में रोजा रखने वाले 11 वर्ष से कम आयु के 150 से अधिक बच्चों को मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। नन्हे रोजेदारों के जज्बे, अनुशासन और समर्पण की उपस्थित अतिथियों ने मुक्त कंठ से सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

इस अवसर पर संरक्षक हाजी असलम मंसूरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं जिला अध्यक्ष मोहम्मद शकील सिद्दीकी, शहर अध्यक्ष जमाल बडगूजर एवं केशकाल शहर अध्यक्ष आवेश विरानी की विशेष उपस्थिति रही। अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सफलता के लिए उम्र नहीं, बल्कि नीयत और मजबूत इरादे मायने रखते हैं।
कार्यक्रम के दौरान इस वर्ष हज यात्रा पर जाने वाले हाजी साहब का सम्मानपूर्वक इस्तकबाल भी किया गया।
आयोजन में बड़ी संख्या में बुजुर्ग, युवा और बच्चों की सहभागिता रही, जिससे कार्यक्रम सफल और यादगार बन गया। अंत में केशकाल शहर अध्यक्ष आवेश विरानी ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट