कोण्डागांव

11 केवी तार टूटने से पैरा खाक, किसानों ने मुआवजे की उठाई मांग
14-Mar-2026 3:26 PM
11 केवी तार टूटने से पैरा खाक,  किसानों ने मुआवजे की उठाई मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 14 मार्च।
केशकाल विधानसभा क्षेत्र के बड़ेराजपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम छिंदली डीहीपारा में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। अचानक 11 केवी बिजली का तार टूटकर एक घर की बाड़ी में गिर गया, जिससे वहां रखा पैरा जलकर पूरी तरह खाक हो गया। इस घटना में दो किसानों का भारी नुकसान हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रभावित किसान तुलसी मांडवी पिता देऊ मांडवी और गाड़ो राम पिता माडू के बाड़ी में रखा पैरा आग की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पूरी तरह जल गया। ग्रामीणों ने बताया कि शाम से ही बिजली तार से चिंगारी निकल रही थी और तार जलने की स्थिति में था। इसके बाद लगभग शुक्रवार  शाम 7.30 से 8 बजे के बीच अचानक तार टूटकर बाड़ी में गिर गया, जिससे वहां रखे पैरा में आग लग गई।

गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। बाड़ी के पास एक मोटरसाइकिल भी खड़ी थी, जिसे समय रहते हटा लिया गया, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। वहीं घर के पास पैरावट होने की वजह से आग की लपटें घर तक नहीं पहुंच पाईं और बड़ा हादसा टल गया।

पैरा जलने से पशुओं के चारे की समस्या
बताया जा रहा है कि यह पैरा घर में रखे गाय-बैल के चारे के लिए रखा गया था। आग में पैरा जल जाने से अब प्रभावित किसानों को पशुओं के चारे की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रभावित किसानों ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि बिजली तार टूटने से हुए नुकसान का उचित आंकलन कर उन्हें मुआवजा दिया जाए।

प्रावधान अंतर्गत आने से मुआवजा दिया जाएगा - एसडीएम
वहीं इस संबंध में एसडीएम आकांक्षा नायक ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हुई है। शासन के जो भी प्रावधान हैं, उनके तहत प्रभावित किसानों को सहायता प्रदान की जाएगी। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इन किसानों को किस प्रकार से राहत उपलब्ध कराता है।


अन्य पोस्ट