कोण्डागांव

मजदूर संगठनों की हड़ताल को सीपीआई का समर्थन, राष्ट्रपति
13-Feb-2026 11:06 PM
मजदूर संगठनों की हड़ताल को सीपीआई का समर्थन, राष्ट्रपति

के नाम सौंपा ज्ञापन

कोंडागांव, 13 फरवरी। केंद्र सरकार द्वारा 44 श्रम कानूनों को चार श्रम संहिताओं में परिवर्तित किए जाने के विरोध में देशभर के मजदूर संगठनों द्वारा 12 फरवरी को आयोजित हड़ताल को कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) ने समर्थन दिया है।

सीपीआई जिला परिषद कोंडागांव के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला कलेक्टर कार्यालय में सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला सचिव शैलेश सहित सह सचिव एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि आदिवासी बहुल बस्तर संभाग के अंतर्गत आने वाले कोंडागांव जिले में बड़ी संख्या में श्रमिक संगठित एवं असंगठित क्षेत्रों में कार्यरत हैं। क्षेत्र में शिक्षा का स्तर अपेक्षाकृत कम होने के कारण मजदूरों के शोषण की आशंका बनी रहती है।

सीपीआई ने अपने ज्ञापन में आशंका व्यक्त की है कि 44 श्रम कानूनों को चार श्रम संहिताओं में बदले जाने से श्रमिकों के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। पार्टी ने राष्ट्रपति से अनुरोध किया है कि मजदूर संगठनों की हड़ताल और मांगों को संज्ञान में लेते हुए श्रमिक हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

ज्ञापन जिला कलेक्टर कार्यालय में नियमानुसार प्रस्तुत किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार से पूर्व श्रम कानूनों को यथावत रखने अथवा श्रमिक हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


अन्य पोस्ट