कोण्डागांव

कन्या आश्रम कोकोड़ी में छात्रावास एकता दिवस हर्षोल्लास से मनाया
01-Feb-2026 10:53 PM
कन्या आश्रम कोकोड़ी में छात्रावास एकता दिवस हर्षोल्लास से मनाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 1 फरवरी। जिला कोंडागांव अंतर्गत ग्राम कोकोड़ी के कन्या आश्रम में छात्रावास एकता दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया।जिले के सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग कृपेंद्र तिवारी ने स्वयं उपस्थित होकर वहां अध्ययनरत छात्रावासी बालिकाओं, जनभागीदारी समिति,ग्रामवासियों सहित अभिभावकों से संवाद किया।विदित हो कि सहायक आयुक्त के मार्गदर्शन में जिले के सभी आश्रम,छात्रवास में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही भवनों के रखरखाव,रंग-रोगन, उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता इत्यादि सुनिश्चित करने निर्देशित किया गया है।

इसी क्रम में कन्या आश्रम कोकोड़ी में संचालित कंप्यूटर शिक्षण कक्ष,भवनों की बेहतर सजावट,रख-रखाव,गुणवत्ता पूर्ण शैक्षणिक परिवेश और सुंदर वातावरण निर्माण के लिए आश्रम अधिक्षिका प्रीति गोस्वामी की सराहना की गई,वहीं अधिक्षिका को आश्रम के बेहतर संचालन,रख-रखाव सहित विभिन्न उत्कृष्ट कार्यों के लिए 26 जनवरी को जिला स्तर पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है।संग्रहालय में पारंपरिक स्थानीय सामग्री से सजावट,बच्चों के द्वारा प्रत्येक कक्षा कक्ष में आकर्षक पेंटिंग और अभिभावकों के द्वारा निर्मित झोपड़ी प्रमुख आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ ही अभिभावकों का सहयोग और मासिक बैठकों में उनकी उपस्थिति शत-प्रतिशत रहती है।

आश्रम प्रांगण में कन्या आश्रम की कुल 88 और प्री मैट्रिक बालिका छात्रावास किबई बालेंगा की 50 बालिकाएं अध्यनरत हैं।इस अवसर पर प्री मैट्रिक बालिका छात्रावास में अध्धयनरत कक्षा 10वीं की बालिकाओं के लिए विदाई समारोह का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच दयामती मरावी,उपसरपंच पनकू सोढ़ी,मंडल संयोजक,अधीक्षक बालक आश्रम मालाकोट,प्री मैट्रिक छात्रावास बयानार,जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष बीर सिंह नेताम,प्री मैट्रिक छात्रावास के अधीक्षक आसमान नेताम,सहित अभिभावकगण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट