कोण्डागांव

किसान मेला व प्रदर्शनी: 32 किलो का कद्दू रहा आकर्षण का केंद्र
02-Feb-2026 3:19 PM
किसान मेला व प्रदर्शनी: 32 किलो का कद्दू रहा आकर्षण का केंद्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 2 फरवरी। नगर के बंधा तालाब गार्डन में शनिवार को आयोजित किसान मेला एवं प्रदर्शनी जिलेभर के किसानों, कृषि विशेषज्ञों और आम नागरिकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। मेले का शुभारंभ बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने किया। यह मेला रविवार तक चला, जिसमें जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है।

मेले में खेती, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन और मुर्गी पालन से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही किसानों द्वारा अपने खेतों में उगाई गई फसलों, सब्जियों, फलों और अन्य उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई है। प्रदर्शनी का सबसे बड़ा आकर्षण ग्राम पल्ली के किसान पाखलू मरकाम द्वारा लाया गया 32 किलो वजनी देशी कद्दू रहा, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

किसान मेले में सब्जियों की विभिन्न किस्में, फल, फूलों की अलग-अलग प्रजातियां, शो प्लांट और होम गार्डनिंग के मॉडल प्रदर्शित किए गए। इन मॉडलों के माध्यम से यह बताया गया कि किस प्रकार सीमित स्थान और आधुनिक तरीकों से घर पर ही सब्जियां और पौधे उगाए जा सकते हैं। सब्जियों के साथ-साथ नारियल से बने विभिन्न उत्पादों की भी प्रदर्शनी लगाई थी।  मत्स्य पालन विभाग द्वारा वैज्ञानिक पद्धति से मछली पालन, मछली के साथ बतख पालन के लाभ और उन्नत तकनीकों की जानकारी दी गई। वहीं पशुपालन विभाग द्वारा उन्नत नस्ल के बकरे-बकरियां, कडक़नाथ मुर्गी, बतख, बटेर तथा पशुओं के चारे का प्रदर्शन कर किसानों को उपयोगी जानकारी दी गई।

भंडारवंडी के किसान मंगलू राम कोर्राम द्वारा जैविक खेती से उत्पादित चावल, दाल की विभिन्न किस्में और जैविक खाद्य सामग्री प्रदर्शित की गई। इस स्टॉल पर किसानों और आम लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखी गई। इसके साथ ही कृषि में सहायक आधुनिक यंत्रों का भी प्रदर्शन किया गया, जिनमें निराई-गुड़ाई, सिंचाई और दवाई छिडक़ाव में उपयोग होने वाले उपकरण शामिल थे। इन यंत्रों के बारे में विशेषज्ञों ने किसानों को विस्तृत जानकारी दी।

बिहान समूह की कृषि सखियों द्वारा सब्जियों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और उनकी मेहनत साफ नजर आई। होम गार्डनिंग में रुचि रखने वाले नागरिकों द्वारा घर में गमलों में उगाए गए पौधों का भी प्रदर्शन किया गया, जिससे शहरी क्षेत्र के लोगों को भी खेती से जुडऩे की प्रेरणा मिली।

इस अवसर पर विधायक सुश्री लता उसेंडी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन अभी छोटे स्तर पर किया गया है, लेकिन आने वाले समय में इसे बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा ताकि जिले के अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि कोंडागांव जिले में 67 दुग्ध समितियां कार्यरत हैं, जो यह दर्शाता है कि जिले के किसान कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन और मुर्गी पालन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने जैविक खेती के लाभों पर प्रकाश डालते हुए किसानों को इसके लिए प्रेरित किया और कहा कि शासन द्वारा कृषि तकनीकों की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने हर परिवार में एक गाय हो, इसके लिए शासन की कार्ययोजना का भी उल्लेख किया और किसानों से सुझाव आमंत्रित किए, ताकि आगामी किसान मेलों को और बेहतर बनाया जा सके।

जिला कलेक्टर श्रीमती नुपुर राशि पन्ना ने कहा कि किसान मेला आयोजित करने का विचार हमारे विधायक का है और यह जिले में पहला प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस मेले के माध्यम से किसानों के अनुभव अन्य किसानों तक पहुंचेंगे और भविष्य में ऐसे आयोजन हर वर्ष किए जाएंगे। उन्होंने घोषणा की कि दिसंबर माह में पुन: किसान मेला आयोजित किया जाएगा और किसानों से अपील की कि अगली बार 32 किलो नहीं, बल्कि 40 किलो का कद्दू प्रदर्शनी में लाकर एक नया रिकॉर्ड बनाएं।

जिला पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने कहा कि पहले और वर्तमान कोंडागांव को देखता हूँ तो बड़ा प्रशन्नता होती है उन्होंने कहा कि जिले के दूरस्थ गांवों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं पहुंच रही हैं, जिसके प्रमाण पोस्टर-बैनर के रूप में नजर आते हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष  नरपति पटेल ने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ-साथ अब समय के अनुसार आधुनिक और वैज्ञानिक खेती को अपनाने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से शासन-प्रशासन द्वारा किसान मेले का आयोजन किया जा रहा है। नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी ने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 की दिशा में किए जा रहे प्रयासों और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों को लाभ मिल रहा है।

मेले में जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, सदस्य यशोदा कश्यप,  मनोज जैन, दीपेश अरोरा, जीतू सुराना,  नागेश देवांगन, हिना श्रीवास्तव, सोनामणि पोयाम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अपर कलेक्टर  चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम अजय उराव एवं विभागीय अधिकारियों के साथ जिला सतरीय अधिकारी कर्मचारी सहित जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट