कोण्डागांव
कोण्डागांव, 19 फरवरी। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दहीकोंगा के बाजारपारा में मंगलवार शाम एक गंभीर हादसे में 15 वर्षीय किशोर बुरी तरह घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
परिजनों के अनुसार, घायल विकास मंडल मधुमक्खी के छत्ते से शहद निकालने के लिए इमली के पेड़ पर चढ़ा था। परिजनों की अनुमति के बिना यह काम करने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ऊंचाई से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, विकास मंडल का परिवार शहद निकालने का काम करता है और वे मूल रूप से बिहार के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि उनका परिवार आज ही कोण्डागांव पहुंचा था, लेकिन इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई। फिलहाल, घायल विकास मंडल का जिला अस्पताल में उपचार जारी है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है।


