कोण्डागांव
वार्ड क्रमांक 8 और 15 से किया पर्चा जमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 25 जनवरी। निकाय चुनाव के तहत नगर पालिका क्षेत्र कोण्डागांव में चुनावी हलचल तेज हो चुकी है। शनिवार को कांग्रेस ने अपना पहला नामांकन दाखिल कर दिया। कांग्रेस की ओर से वार्ड क्रमांक 08 तहसीलपारा से रूपेश कुमार गोस्वामी और वार्ड क्रमांक 15 कोपाबेड़ा से मीना पटेल ने एसडीएम कार्यालय, कोण्डागांव में अपना नामांकन पत्र जमा किया।
नामांकन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष झुमुकलाल दीवान समेत अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में उत्साह दिखाया।
वार्ड क्रमांक 8: कांग्रेस की पुरानी रणनीति
तहसीलपारा वार्ड पहले से ही कांग्रेस के कब्जे में है। पार्टी इसे बरकरार रखने की कोशिश में है। कांग्रेस का मानना है कि स्थानीय मुद्दों और विकास कार्यों को केंद्र में रखकर जनता के समर्थन को दोबारा हासिल किया जा सकता है।
वार्ड क्रमांक 15 भाजपा का गढ़ चुनौती में
कोपाबेड़ा वार्ड लंबे समय से भाजपा के प्रभाव में है। वर्तमान में यहां से भाजपा की राष्ट्रीय नेत्री व कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी के भाई और नगर पालिका के उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी पार्षद पद पर काबिज हैं। कांग्रेस इस वार्ड में जीत हासिल करने के लिए भाजपा के खिलाफ स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की योजना बना रही है।
पर्चा दाखिल करने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष झुमुकलाल दीवान ने कहा, हम जनता के बीच भाजपा की नाकामी और स्थानीय मुद्दों को लेकर जाएंगे। पिछले एक साल में भाजपा ने केवल जनता को गुमराह किया है। कांग्रेस इन चुनावों में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश कार्यालय से प्रत्याशियों की घोषणा अगले दो दिनों में कर दी जाएगी। बाकी प्रत्याशी भी जल्द ही नामांकन दाखिल करेंगे।
शनिवार को दो प्रत्याशियों के पर्चे पूरी तैयारी के साथ दाखिल किए गए। कोण्डागांव नगर पालिका क्षेत्र में जैसे-जैसे नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई है, राजनीतिक दलों के बीच प्रतिस्पर्धा तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है। आने वाले दिनों में नामांकन प्रक्रिया और अधिक सक्रियता का माहौल बनाएगी।


