कोण्डागांव

सरकार की नीतियों और कार्यशैली से जनता खुश है- मोहन
29-Oct-2023 9:28 PM
सरकार की नीतियों और कार्यशैली से जनता खुश है- मोहन

 17 युवाओं ने कांग्रेस का हाथ थामा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 29 अक्टूबर।
अगर नीयत साफ हो और मन में नि:स्वार्थ सेवा का भाव हो तो लोग आपके पीछे चल ही पड़ते हैं। रविवार को ऐसा ही कुछ हुआ कोण्डागांव जिला कांग्रेस कार्यालय में जहां कोण्डागांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुलझर और उमरगांव के 17 युवाओं ने कांग्रेस पार्टी की नीतियों और क्षेत्र के लाड़ले विधायक मोहन मरकाम की कार्यशैली से प्रभावित होकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। ये सभी सुबह 6 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचे और कांग्रेस के सदस्य बनने की इच्छा जाहिर की। मोहन मरकाम ने कांग्रेस का गमछा पहाना कर सभी युवाओं का स्वागत किया। सभी युवाओं ने कांग्रेस को प्रचण्ड मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया।

इसके पश्चात विधानसभा क्षेत्र के खडक़ा, कुलझर, फुकगिरोला, करकट्टी, उमरगांव के 5 महिलाओं सहित 70 लोगों ने कोण्डागांव जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर कांग्रेस की सदस्यता ली। जब इनसे पूछा गया कि आप कांग्रेस में क्यों शामिल होना चाहते हैं तो उन्होंने कहा कि हम अपने क्षेत्र के विधायक मोहन मरकाम के सरल, मृदुभाषी, मिलनसार व्यक्तित्व से प्रभावित हैं। हमारे क्षेत्र के विधायक सभी को साथ लेकर चलते हैं, सब के सुख-दुख में शामिल होते हैं और क्षेत्र के लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। इसलिए हम सभी अपना समर्थन उनको देना चाहते हैं और उन्हें प्रचण्ड मतों से जिताकर फिर से विधायक बनाना चाहते हैं।

इस अवसर पर प्रदेश के आदिम जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवम् अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री तथा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 83, कोंडागांव के कांग्रेस प्रत्याशी मोहन मरकाम ने कहा कि पिछले पांच सालों में प्रदेश में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने चहुंमुखी विकास किया है। 

सरकार की जनहितैषी योजनाओं ने लोगों को प्रभावित किया है। भूपेश सरकार ने धान का समर्थन मूल्य बढ़ाया, किसानों का कर्ज माफ किया साथ ही राजीव गांधी न्याय योजना, गौधन योजना, बिजली बिल हाफ योजना, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी मीडियम स्कूल जैसी कई जनहितैषी योजनाएं संचालित की जिससे प्रदेशवासी सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त हुए हैं। 

मोहन मरकाम ने कहा कि कांग्रेस सरकार की नीतियों और कार्यशैली से जनता खुश है और यही वजह है कि लोगों का कांग्रेस के प्रति विश्वास बढ़ा है और लोग कांग्रेस का हाथ थाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में प्रदेश की जनता की बेहतरी के लिए किए गए कार्य और कांग्रेस के प्रति लोगों का भरोसा इस चुनाव में भी कांग्रेस को प्रचण्ड मतों से विजयी बनाएगा और एक बार फिर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।


अन्य पोस्ट