कोण्डागांव

केशकाल/विश्रामपुरी, 9 जून। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही भाजपा नेताओं का बस्तर दौरा बढऩे लगा है। गुरुवार को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह केशकाल पहुंचे थे। वहीं शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव केशकाल विधानसभा अंतर्गत बड़ेराजपुर ब्लॉक के ग्राम सलना पहुंचे। जहां उनके साथ बस्तर राजा कमलचंद भंजदेव, पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, हलधर साहू भी मौजूद रहे।
सर्वप्रथम भाजपा मंडल बड़ेराजपुर के कार्यकर्ताओं ने गम्हरी, बाँसकोट एवं सलना में आतिशबाजी एवं फूल माला के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। ततपश्चात ग्राम सलना में भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि भी मनाई गई।
इस दौरान राज्य की भूपेश सरकार पर तंज कसते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि यह सरकार गरीबों का हक मारकर लूटने वाली सरकार है।
इन्होंने केंद्र सरकार द्वारा दिये गए प्रधानमंत्री आवास को पूरी तरह रोककर गरीब जनता के लिए रुकावट बन गए हैं। बिजली बिल हॉफ का वादा जरूर किया था, लेकिन आज भी लोगों के घरों में बिजली का बिल मनमाने तरीके से आ रहा है। हमारी केंद्र की सरकार हर घर पानी पहुँचाने का कार्य मे लगी है। राज्य सरकार इसमें भी रोड़ा बनकर सामने आ रही है।
साव ने कहा कि अब हमें छत्तीसगढ़ से इस कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने की जरूरत है। और प्रदेश की तरक्की के लिए भाजपा की सरकार बनानी है।
इस दौरान कार्यक्रम में पूर्व विधायक सेवक नेताम, मंडल अध्यक्ष परदेशी नाग, आकाश मेहता, राजेंद्र नेताम, किशन पांडे, संगीता पोयाम, अंजोरी नेताम, अनिता नेताम, प्रशांत पात्र, गीतेश पांडे, जीवन मानिकपुरी, रविन्द्र पांडे, गोरखनाथ बघेल सहित भाजपा के कार्यकर्ता व ग्रामीणजन मौजूद रहे।