कोण्डागांव

कांग्रेस सरकार में कानून व्यवस्था विफल, आदिवासी और पुलिस दोनों असुरक्षित-संजीव
21-Jan-2023 9:24 PM
कांग्रेस सरकार में कानून व्यवस्था विफल, आदिवासी और पुलिस दोनों असुरक्षित-संजीव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
कोण्डागांव, 21 जनवरी।
आप छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी और बुराड़ी के विधायक संजीव झा अपने 8 दिवसीय दक्षिण छत्तीसगढ़ प्रवास के अंतर्गत आज कोण्डागांव पहुंचे। संजीव झा ने सभी को नववर्ष की बधाई देते हुए नये सदस्यों को पार्टी में प्रवेश भी  करवाया। 
प्रदेश प्रभारी संजीव झा ने कहा कि प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। प्रदेश में आदिवासियों सहित आम लोग ही नहीं बल्कि पुलिस अधीक्षक तक सुरक्षित नहीं हैं,जिससे प्रदेश की लचर कानून व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है। नारायणपुर में कांग्रेस और भाजपा मिलकर धर्म के नाम पर आदिवासियों में फूट डाल रहे हैं। 

संजीव झा ने पत्रकारवार्ता कर नारायणपुर में हुए हमलों की कड़ी निंदा की और कहा कि घटना के लिए दोनों ही राजनीतिक पार्टियां भाजपा और कांग्रेस जिम्मेदार हैं, जो भोले-भाले आदिवासियों को सामने रखकर धार्मिक उन्माद फैलाने का काम कर रहे हैं। संजीव झा ने आदिवासी समाज के लोगों से अपील की है कि समाज किसी के बहकावे में न जाकर आपसी प्रेम और भाईचारा के साथ रहें। मोहब्बत के रास्ते नारायणपुर में शान्ति व्यवस्था कायम करने की दिशा में आगे बढ़। 

 झा ने कहा कि जनता समझ गई है कि उन्हें कांग्रेस और भाजपा सिर्फ छल रही है और आम आदमी पार्टी अब ये जनता के साथ छल ज्यादा नही होने देंगे । हम प्रदेश वासियों के साथ और सहयोग के लिए भी जनता के पास जा रहे है और ईमानदार राजनीति की अलख जलाकर लगातार सहयोग मांगेगे। जनता के वोट का सही मान रख बदलबो छत्तीसगढ़ 2023 अभियान को आगे बढ़ाएंगे। दिल्ली में आप विधायक व छत्तीसगढ़ के प्रभारी संजीव झा के निर्देशानुसार राज्य में सांगठनिक ढांचा तैयार हो चुका है। प्रदेश के लगभग बीस हजार गांवों में आम आदमी पार्टी अपने यूनिटों में इंचार्ज बनाने की प्रक्रिया जोर शोर से चल रही है ,जो आने वाले दिनों में पूरी कर ली जाएगी। इसके साथ ही  पार्टी जल्द ही भ्रष्टाचार, स्वास्थ्य और शिक्षा के मुद्दों को लेकर अपना प्रदेशव्यापी अभियान शुरू कर अपने मजबूत संगठन के द्वारा हर घर तक  पहुंचेगी।

पार्टी ने ग्राम संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य के लगभग 20 हजार गांवों में अपना सांगठनिक ढांचा तैयार कर लेने के लिए संकल्पित है और करीब 5लाख से अधिक नए सदस्य बनाए गए हैं। इस तरह लगभग सभी गांवों  तक आम आदमी पार्टी की पैठ बन गई है। इतना ही नहीं, सभी विधानसभाओं में पर्यवेक्षकों ने अपने सतत प्रयास और नियोजित क्रियात्मक शैली से अभियान चलाकर प्रदेश में कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जमीनी स्तर पर मजबूत संगठन को क्रियाशील और धारदार बनाया है। संगठन विस्तार के तहत पूरे प्रदेश के सभी जिला में जिला इंचार्ज और जिला सचिव की घोषणा की गई। विधानसभा वार कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से चर्चाओं का दौर लगातार जारी  है।  


अन्य पोस्ट