कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 16 दिसंबर। केशकाल वनमंडल अंतर्गत इको पर्यटन केंद्र टाटामारी में गुरुवार को वन विभाग की ओर से कैम्पा योजनांतर्गत वन मितान कार्यक्रम जागृति का आयोजन किया गया था। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर खान शामिल हुए। इस कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर डी.एन तारम व वन विभाग के अधिकारियों के द्वारा स्कूली बच्चों को सुबह वनों का भ्रमण करवाते हुए वन्यप्राणी दर्शन, कृष्णकुंज भ्रमण, मृदाजल संरक्षण कार्य का निरीक्षण एवं वनस्पतियों की जानकारी दी गई। साथ ही होनहार बच्चों में से नेचर वालेंटियर का चयन भी किया गया।
इस दौरान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर खान ने बच्चों को संबोधित करते हुए केशकाल वनमंडल के विभिन्न पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी देते हुए अपने बचपन से जुड़े अनुभव साझा किए। साथ ही बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें वन मितान कार्यक्रम जागृति के बारे में अधिक से अधिक प्रचार प्रसार कर लोगों को जागरूक करने की बात कही।
इस संबंध में जानकारी देते हुए केशकाल डीएफओ गुरुनाथन एन. ने बताया कि शासन के आदेशानुसार केशकाल वनमंडल अंतर्गत 12 स्थानों पर वन मितान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से बच्चों को पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन एवं वनों के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इन्ही बच्चों में से नेचर वालेंटियर का चयन भी किया गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण सम्बंधित अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर के बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला है।
इस दौरान पीसीसी सचिव सगीर अहमद कुरैशी, एल्डरमैन अरुण अग्निहोत्री, पार्षद अनिल उसेंडी, युकां जिला उपाध्यक्ष कपिल नाग, ग्राम पटेल बलराम गौर, मास्टर ट्रेनर डी.एन तारम, फारेस्ट एसडीओ सुषमा नेताम, रेंजर मुनीर खान समेत स्कूलों से आए शिक्षकगण एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।