कोण्डागांव

तोरेंगा में 5201 मीट्रिक टन धान की खरीदी
17-Nov-2022 9:22 PM
तोरेंगा में 5201 मीट्रिक टन धान की खरीदी

कोण्डागांव, 17 नवम्बर। राज्य शासन के मंशानुसार जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए खरीदी केंद्रों पर व्यवस्था की गयी है। जिससे किसानों को अपने धान विक्रय करने के लिए सहूलियत हो रही है। जिले के माकड़ी ब्लाक अंतर्गत तोरेंगा में गत वर्ष शुरू धान खरीदी केन्द्र पर इस सीजन में धान विक्रय करने आये किसानों का जब फूलमाला व तिलक लगाकर स्वागत किया गया तो काफी प्रसन्नचित होकर अपने स्वागत से अभिभूत हुए। 

तोरेंगा धान खरीदी केन्द्र में 15 नवम्बर को धान विक्रय के लिए सिवनी निवासी किसान सोनधर पिता बसमन और बेलोण्डी के किसान बृजलाल पिता अर्जुन ने टोकन प्राप्त किया था। उक्त दोनों जब 15 नवम्बर को धान बेचने तोरेंगा धान खरीदी केन्द्र पहुंचे तो खरीदी केन्द्र के प्रभारी रोहित यादव और अन्य कर्मचारियों सहित पंचायत पदाधिकारियों व पुजारी श्रवण धु्रव ने उन्हे तिलक लगाकर फूलमाला से स्वागत किया। इसे देखकर दोनों किसान खुशी के साथ अभिभूत हो गये। 

सोनधर ने बताया कि, वह अभी 30 क्विंटल धान विक्रय किया है। वहीं बृजलाल ने 34 क्विंटल धान का विक्रय किया। तोरेंगा धान खरीदी केन्द्र के प्रभारी रोहित यादव ने बताया कि, इस धान खरीदी केंद्र में अभी तक 3 किसानों ने धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त किया है। खरीदी केंद्र में बारदाना सहित तिरपाल, डनेज इत्यादि की व्यवस्था सुलभ है। वहीं किसानों के लिए बैठने, पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था उपलब्ध है। 

ज्ञातव्य है कि, जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए कुल 61 धान खरीदी केन्द्र बनाये गये हैं। जिसमें से बीते वर्ष तक 57 खरीदी केन्द्र शुरू किये गये थे, अभी हाल ही में 4 नये खरीदी केन्द्रों की स्वीकृति राज्य शासन द्वारा दी गयी है। जिसमें फरसगांव ब्लाक के आलोर, बड़ेराजपुर ब्लाक के सरगीपाल, माकड़ी ब्लाक के मगेदा व कोण्डागांव ब्लाक के मालगांव में नवीन धान खरीदी केन्द्र की स्वीकृति के पश्चात धान खरीदी हेतु आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन 2022-23 के तहत गत दिवस तक 1325 किसानों द्वारा 5201.68 मीट्रिक टन धान का विक्रय किया गया है।


अन्य पोस्ट