कोण्डागांव

नजर आई गुटबाजी, केशकाल नगर में ही दो जगहों पर किया स्वागत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 28 अक्टूबर। केशकाल विधानसभा समेत समूचे प्रदेश में कांग्रेस की गुटबाजी इन दिनों सुर्खियों में बनी हुई है। शुक्रवार को इसी का एक उदाहरण केशकाल में देखने को मिला। जहां तीन दिवसीय बस्तर दौरे पर निकले छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के प्रभारी पी.एल पुनिया का कांग्रेसियों ने दो जगहों पर अलग-अलग स्वागत किया, जबकि दोनों स्थानों पर कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेतागण मौजूद रहे।
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए अब बड़े नेताओं के दौरे का कार्यक्रम शुरू हो गया है। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी और पार्टी महासचिव पीएल पुनिया शुक्रवार से 3 दिवसीय बस्तर दौरे पर निकले हैं।
इस दौरान शुक्रवार की शाम लगभग 4 बजे पुनिया केशकाल बस स्टैंड पहुंचे, जहां विधायक संतराम नेताम के मार्गदर्शन में पीसीसी सचिव सगीर अहमद कुरैशी व युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव श्रीपाल कटारिया के नेतृत्व में कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पुनिया का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
बस स्टैंड में स्वागत के पश्चात पी.एल पुनिया का काफिला आगे रवाना हुआ। इस दौरान डिपो चौक में पीसीसी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष अमीन मेमन के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेसियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर पी.एल पुनिया का स्वागत किया। केशकाल नगर में ही दो जगहों पर स्वागत किया गया।