कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 7 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर राजधानी में आयोजित कार्यक्रम में केशकाल नगर के सुरडोंगर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य रामगोपाल ठाकुर को राज्यपाल व मुख्यमंत्री के हाथों राज्य शिक्षक सम्मान से पुरस्कृत होने की खुशी में मंगलवार को विद्यालय परिवार द्वारा उनके स्वागत व सम्मान हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जहां प्राचार्य रामगोपाल ठाकुर को पुष्पगुच्छ देकर व तिलक चंदन लगाकर उनका स्वागत व सम्मान किया गया। ततपश्चात विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की।
इस दौरान जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष गिरधारी लाल सिन्हा ने कहा कि यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है कि केशकाल विधानसभा के दो शिक्षकों को राज्यपाल द्वारा राज्य शिक्षक सम्मान के रूप में पुरस्कृत किया गया है। इसमें सुरडोंगर उ.मा.वि. के प्राचार्य रामगोपाल ठाकुर का नाम भी शामिल हैं। मैं उन्हें समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देता हूं। साथ ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम, विधायक संतराम नेताम की यही मंशा भी है कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सदैव सम्मान किया जाएगा।
वरिष्ठ पत्रकार व समाजसेवी कृष्णदत्त उपाध्याय ने कहा कि प्राचार्य रामगोपाल ठाकुर को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया, यह केशकाल के समस्त क्षेत्रवासियों के लिए हर्ष का विषय है। मैं आशा करता हूँ कि इससे क्षेत्र के समस्त शिक्षकों को और भी उत्कृष्टता से कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी, जिससे शिक्षा के स्तर में भी सुधार भी आएगा। इस दौरान जनपद पंचायत उपाध्यक्ष गिरधारी लाल सिन्हा, जनपद सदस्य रत्तीराम मरकाम, वरिष्ठ पत्रकार कृष्णदत्त उपाध्याय, फिरोज मेमन समेत विद्यालय के समस्त शिक्षक- शिक्षिकाएं व बच्चे मौजूद रहे।


