खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

संग्रहालय कल आज और कल का विमोचन
15-Dec-2025 3:21 PM
संग्रहालय कल आज और कल का विमोचन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 15 दिसंबर। रविवार को प्रेक्षा गृह कैंपस 2 में पुस्तक संग्रहालय कल आज और कल का विमोचन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉ. लवली शर्मा के कर कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर के. अय्यनार, क्षेत्रीय निदेशक(उत्तर) भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिसर नई दिल्ली, उस्ताद जौहर अली खान प्रसिद्ध वायलिन वादक तथा कथक नृत्य कलाकार पंडित भगवान दास मानिक उपस्थित थे।

 पुस्तक के लेखक द्वय डॉ. मंगलानंद झा एवं डॉ. चैन सिंह नागवंशी से चर्चा करते हुए कुलपति प्रोफेसर लवली शर्मा ने कहा -आज म्यूजियम जन शिक्षा का केंद्र है, जहां विजिटर अपनी कला संस्कृति को देखकर समझ पाते हैं और विरासत को सुरक्षित रखने में प्रेरणा मिलती है। विश्वविद्यालय तथा महाविद्यालय के पाठ्यक्रम पर आधारित हिंदी में रचित यह पुस्तक विद्यार्थियों, शोधार्थियों ,पर्यटकों एवं जिज्ञासुओं के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।

प्राचीन भारतीय इतिहास संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. मंगलानंद झा ने बताया कि इस पुस्तक में कुल 7 अध्याय हैं जिसमें संग्रहालय का इतिहास, संग्रहालय का महत्व संग्रहालय की आवश्यकता , संग्रहालय के क्रियाकलाप तथा संग्रहालय के अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला गया है।

 पुस्तक विमोचन तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन अवसर पर प्रोफेसर नमन दत्त, प्रोफेसर मुकुंद नारायण भाले, डॉ. जितेश गड़पायले, डॉ. लिकेश्वर वर्मा सहित अध्यापक, विश्वविद्यालय के विद्यार्थीगण तथा नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभाग के डॉ. कौस्तुभ रंजन द्वारा किया गया।


अन्य पोस्ट