कांकेर

आमाटोला के जंगल से नक्सल डंप बरामद
23-Jun-2026 10:34 PM
आमाटोला के जंगल से नक्सल डंप बरामद

4 बंदूक, संचार उपकरण समेत कई सामान मिले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 23 जून। कांकेर जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना छोटेबेठिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाटोला के जंगल-पहाड़ी इलाके में चलाए गए संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प से हथियार, संचार उपकरण एवं अन्य सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पी., डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा तथा 94वीं वाहिनी बीएसएफ बांदे के सेनानी रविन्द्र सिंह चंदेल के निर्देशन में जिले के संवेदनशील एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत 23 जून को जिला पुलिस, बीएसएफ एवं बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की संयुक्त टीम ने आमाटोला के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सली डम्प का पता लगाकर वहां से चार भरमार बंदूक, दो वायरलेस सेट, एक रेडियो, एक नक्सली वर्दी, दो पाउच, एक चार्जर, एक बैटरी तथा नक्सली साहित्य सहित अन्य उपयोगी सामग्री बरामद की।

अभियान में बीएसएफ के एसी योगेश कुमार तथा इंस्पेक्टर सुमन कंथोसू के नेतृत्व में जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त अभियान लगातार जारी है तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा आगे भी सघन सर्चिंग अभियान चलाया जाता रहेगा। बरामद सामग्री की जांच कर नक्सलियों की गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


अन्य पोस्ट