कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पखांजूर, 29 नवंबर। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बने छोटे कापसी के आजीविका संसाधन केंद्र की जमीनी स्थिति पर सवाल खड़े हो गए हैं। भवन और मशीनरी तैयार होने के बावजूद केंद्र शुरू नहीं हो सका है। मौके पर मशीनें पॉलिथीन में ढकी व निष्क्रिय दिख रही हैं और परिसर में कचरा फैला है, जिससे रखरखाव और संचालन व्यवस्था की पोल खुल रही है।
योजना के नियमों के तहत आजीविका केंद्र का उद्देश्य केवल भवन या मशीन लगाना नहीं, बल्कि स्व-सहायता समूहों को प्रशिक्षण, संचालन और रोजगार से जोडऩा है। सरकारी संसाधनों व मशीनरी का बिना उपयोग पड़ा रहना सार्वजनिक धन के सदुपयोग और परिसंपत्ति प्रबंधन के नियमों के विपरीत है। वहीं, लोकहित के मामलों में संबंधित अधिकारियों से जानकारी साझा करने और पारदर्शिता बनाए रखने की अपेक्षा रहती है।
इस संबंध में जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) उदय कुमार नाग से मोबाइल पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो सकी। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। वहीं, विधायक विक्रम देव उसेंडी और पखांजूर एसडीएम (राजस्व) सुरेश साहू ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।