कांकेर

अंजलि नाला के पास बाईपास निर्माण और भारी वाहनों के संचालन पर ग्रामीणों का विरोध
28-Nov-2026 9:34 PM
 अंजलि नाला के पास बाईपास निर्माण और भारी वाहनों के संचालन पर ग्रामीणों का विरोध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पखांजूर, 28 नवंबर। परलकोट और छोटे कापसी क्षेत्र में माइंस प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने विरोध जताया है। आज उदयपुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत अंजलि नाला के पास बाईपास सडक़ बनाने की गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों ने विरोध दर्ज कराया, जबकि पहले परलकोट सुरक्षा समिति और छोटे कापसी में भी विरोध प्रदर्शन के बाद कुछ समय के लिए वाहनों का संचालन रुका था, लेकिन बाद में फिर से भारी वाहन चलने लगे।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि सडक़ पर भारी वाहन चलाने, वाहनों के दस्तावेजों और बाईपास निर्माण से संबंधित यदि कोई वैध सरकारी अनुमति है, तो उसे सार्वजनिक किया जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की पुलिया भारी वाहनों का भार सहने में सक्षम नहीं है, जिससे दुर्घटना और पुलिया को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।

इससे पहले भी उदयपुर ग्राम पंचायत के अंजलि नाला पुलिया के पास बिना शासकीय अनुमति के निर्माण सामग्री लाने पर ग्रामीणों के विरोध के बाद वाहनों को वापस ले जाना पड़ा था, तथा वाहनों के कागजात और विभागीय जांच को लेकर प्रश्न उठाए जाते रहे हैं।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने कहा है कि वैध अनुमति सार्वजनिक न किए जाने और सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं का समाधान न होने की स्थिति में आंदोलन तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रबंधन और संबंधित विभागों की होगी।


अन्य पोस्ट