कांकेर

थाने की सरकारी सील और हस्ताक्षर से फर्जी दस्तावेज, आरोपी कर्मी बंदी
28-Nov-2026 9:35 PM
थाने की सरकारी सील और हस्ताक्षर से फर्जी दस्तावेज, आरोपी कर्मी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 28 नवंबर। थाना सिटी कोतवाली कांकेर की शासकीय सील एवं हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी का दुरुपयोग कर फर्जी इंटीमेशन लेटर तैयार करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो फर्जी इंटीमेशन लेटर, एचपी प्रिंटर एवं आईफोन 13 प्रो मोबाइल बरामद किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, ठेलकाबोड़ निवासी भूपेश सिंह ठाकुर की एजेंसी विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय कंपनियों के साथ अनुबंध के तहत वाहनों की वसूली और जब्ती का कार्य करती है।

24 नवंबर को एचडीबी वित्तीय सेवा के निर्देश पर वाहन क्रमांक सीजी 04 पीए 9083 की जब्ती से पूर्व थाना में सूचना प्रस्तुत करने के लिए एजेंसी के कर्मचारी गोविन्द मरकाम को जिम्मेदारी दी गई थी।

आरोप है कि गोविन्द मरकाम ने पूर्व में थाना से प्राप्त इंटीमेशन दस्तावेज पर अंकित शासकीय सील एवं हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी का अनाधिकृत उपयोग किया। उसने दस्तावेज को मोबाइल में कॉपी कर इमेज एडिटर के माध्यम से उसमें बदलाव करते हुए कूटरचित इंटीमेशन लेटर तैयार किए और उन्हें वास्तविक थाना सूचना के प्रमाण के रूप में इस्तेमाल किया।


अन्य पोस्ट