कांकेर

सॉफ्टवेयर कंपनी में हिस्सेदारी दिलाने के नाम पर साढ़े 43 लाख की ठगी, मुंबई से दंपत्ति बंदी
16-May-2026 4:58 PM
सॉफ्टवेयर कंपनी में हिस्सेदारी दिलाने के नाम पर साढ़े 43 लाख की ठगी, मुंबई से दंपत्ति बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
कांकेर, 16 मई।
कांकेर जिले की पखांजूर पुलिस ने एक सॉफ्टवेयर कंपनी में मुख्य तकनीकी अधिकारी (सीटीओ)और 10 प्रतिशत हिस्सेदारी दिलाने का झांसा देकर कथित रूप से 43.44 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में एक दंपत्ति को मुंबई से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निजी कंपनी के सीईओ आनंद चंदेल और उनकी पत्नी रेखा चंदेल के रूप में हुई है।

मामले में प्रार्थी मनीष सोनी ने थाना पखांजूर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया है कि वर्ष 2021 से 2025 के बीच आरोपियों ने उन्हें कंपनी में सीटीओ पद और 10 प्रतिशत पार्टनरशिप देने का आश्वासन दिया तथा विभिन्न किश्तों में ऑनलाइन माध्यम से कुल 43,44,900 रुपये प्राप्त किए।

रिपोर्ट के आधार पर थाना पखांजूर में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान अन्य धाराएं भी जोड़ी गईं।

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देश पर थाना प्रभारी लक्ष्मण केवट के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और पतासाजी के आधार पर टीम ने मुंबई के कांदिवली क्षेत्र से आनंद चंदेल और रेखा चंदेल को हिरासत में लिया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने शिकायतकर्ता से रकम लेने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, मामले में फर्जी पहचान पत्र, बिजनेस कार्ड, चेक और अन्य दस्तावेजों के इस्तेमाल के आरोप हैं।

दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर पखांजूर लाया गया और न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।


अन्य पोस्ट