कांकेर
फंसे चालक को मशक्कत से निकाला
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कांकेर, 13 अप्रैल। कांकेर से लगभग 15 किमी दूर नेशनल हाईवे 30 में मूरवेंड के पास आज सुबह बस और ट्रक के बीच जबरदस्त टक्कर हुई। जिससे बस में सवार 7 लोग घायल हो गए । उन्हें मेडिकल कॉलेज कांकेर में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना का कारण अनियंत्रित रफ्तार होना बताया जा रहा है।
सोमवार को रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रही बस और विपरीत दिशा से से आ रही ट्रक का आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलने के उपरांत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बस का चालक भी बस में ही फंस गया था। बड़ी मुश्किल से उसे बाहर निकाला गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
तेज वाहनों पर नहीं हो रहा नियंत्रण
कांकेर के आसपास हाईवे पर रोजाना हादसे हो रहे हैं। शहर में भी दो पहिया वाहनों और पैदल को चलना मुश्किल हो गया है। भीड़ भरे मार्ग पर शहरी क्षेत्र में कलाबाजी करते अनियंत्रित रफ्तार की बाईकों के कारण भी अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती है। यातायात विभाग की निष्क्रियता के चलते रफ्तार पर कोई कंट्रोल नहीं होने से ऐसे वाहन चालकों के हौसले और बुलंद हो रहे हैं। जिससे शहर में हमेशा दुर्घटना का भय बना रहता है।
गत दिनों भी शहर से कुछ दूर नथीयानवागांव में दो कारों की भीषण टक्कर से 6 लोगों की मौत हुई थी। हादसे का कारण चालकों का नशे में होना और बेलगाम रफ्तार बताया जा रहा है। इसके बावजूद भी चालकों के नशे में होने का कोई परीक्षण यातायात विभाग द्वारा नहीं किया जा रहा है।


