कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 26 फरवरी। दुर्गुकोंदल थाना क्षेत्र के अमोड़ी गांव में एक मतांतरित महिला की मौत के बाद अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है। महिला की मौत का आज तीसरा दिन है और ग्रामीणों के विरोध के कारण अब तक अंतिम संस्कार नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, महिला के परिजनों ने निजी भूमि पर दफनाने की तैयारी की थी। इस पर कुछ ग्रामीणों ने आपत्ति जताई और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार किए जाने की बात कही। दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाने के कारण शव को दुर्गुकोंदल स्थित अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है।
मृतका के परिजन और मसीही समाज के प्रतिनिधि आज गुरुवार को कांकेर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर दफन की अनुमति और सहयोग की मांग करने पहुंचे। अधिकारियों ने मामले के समाधान का आश्वासन दिया है।
पिछले कुछ महीनों में जिले में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को लेकर ऐसे विवादों की घटनाएं सामने आई हैं। प्रशासन मामले के निराकरण के प्रयास में जुटा है।


