कांकेर

कांकेर बंद रहा, सर्व समाज ने आक्रोश रैली निकाली
24-Dec-2025 10:31 PM
 कांकेर बंद रहा, सर्व समाज  ने आक्रोश रैली निकाली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 24 दिसंबर। कांकेर जिले के बड़े तेवड़ा की घटना को लेकर छत्तीसगढ़ बंद के आह्वान के तहत कांकेर जिला पूरी तरह से बंद रहा। आज सुबह सर्व समाज की ओर से आक्रोश रैली निकाली गई थी। बंद के दौरान मेडिकल स्टोर्स व पेट्रोल पंपों को छोड़ कर सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।

सर्व समाज ने बुधवार को बंद का आह्वान किया था। विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी सुबह से ही दुकानों को बंद कराने सक्रिय रहे। 23 दिसम्बर को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की आपात बैठक आयोजित की गई थी। जिसमें सर्वसम्मति से बंद को समर्थन देने का निर्णय लिया गया था। चैंबर पदाधिकारियों ने शांति, कानून-व्यवस्था और निष्पक्ष प्रशासन सभी के हित में बताते हुए बंद को समर्थन देने का निर्णय लिया था।

आंदोलनकारियों का कहना है कि आमाबेड़ा में हुई हिंसा के पीडि़तों को न्याय दिलाया जाए, मतांतरण के मामलों की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। वहीं, स्थानीय प्रशासन से निष्पक्षता बरतने और संवेदनशील मामलों में त्वरित कदम उठाने की मांग की गई है।

विदित हो कि कांकेर जिले के बड़े तेवड़ा गांव में सरपंच रजमन सलाम के पिता चमरा राम की मृत्यु के बाद उनका शव गांव में ही दफनाया गया था। सरपंच का परिवार धर्म परिवर्तन कर  लिया था। ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन  के बाद शव को कब्र से बाहर निकाला गया था और अन्यत्र ले जा कर उसका अंतिम संस्कार किया गया था। ग्रामीणों और ईसाई समुदाय के लोगों के बीच झड़प भी हुई थी। जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण घायल हुए थे। पुलिस कर्मियों को भी चोटें आई थी।

      बंद के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किए गए थे,और लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की भी अपील की जाती रही। सर्व समाज द्वारा धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून बनाने की मांग की गई।  सर्व समाज के महिला पुरुषों ने रैली निकाल कर आक्रोश व्यक्त किया हैं और धर्मांतरण बंद करने की अपील कर सरकार से पांच सूत्रीय मांग की गई। साथ ही धर्मांतरण  पर कोई कड़ा कानून  बनाने की मांग की गई।


अन्य पोस्ट