कांकेर

एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 14 जुलाई। रकम दुगुनी करने का झांसा देकर एक मरीज द्वारा डॉक्टर से एक करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी के आरोप में एक युवक को कांकेर पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं एक मुख्य आरोपी फरार हो गया है। रकम दुगुना करने का प्रलोभन देकर मरीज बनकर आए ठग ने 2018 से 2024 तक एक करोड़ रुपए की ठगी की है।
ठग ने किस्तों में जमा करने निवेश की रकम पहले 2 लाख रुपए से शुरू किया। उसके बाद यह रकम बढ़ाकर से 10 लाख किया। डॉक्टर को इस बीच जरा सा भी पता नहीं हुआ कि वह ठगी का शिकार हो रहा है । जब रकम लौटाने की बात डॉक्टर ने कही तो वह व्यक्ति उसे टालता रहा। अंत में ठगी का शिकार होने वाले डॉक्टर की बेटी ने कांकेर थाने में आकर इस आशय की रिपोर्ट दर्ज कराई।
आरईएस कॉलोनी निवासी डॉक्टर की पुत्री अपर्णा रामटेके ने 14 मई 2025 को इस आशय की रिपोर्ट पुलिस थाना कांकेर में करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार उनके पिता देवेंद्र रामटेक का कांकेर के संतोषी मेडिकल कॉम्प्लेक्स में क्लीनिक है। संजय नगर निवासी आलीम खान 2017 में अपनी पत्नी को इलाज करने के लिए डॉक्टर के पास आया था। यहीं से जान पहचान शुरू हुई थी। नवंबर 2018 में आलीम खान ने खुद को कोलकाता की एक कंपनी में काम करने वाला बताया और रकम दुगुनी किए जाने का उन्हें तरीका बताया। पहले उसने 2 लाख ले लिए, फिर कहा कि पुरानी कंपनी डूब गई। अब वह नई कंपनी से जुड़ा है। वहां निवेश करने पर रकम दुगनी की गारंटी होगी। इसी भरोसे में डॉक्टर देवेंद्र ने उसे 2019 में जनवरी से दिसंबर तक 10 लाख रुपए नगद और ऑनलाइन से भुगतान किया। 2020 , 2021 ,2022, 2023 और 24 तक निवेश के लिए रकम उसने नगद व ऑनलाइन भुगतान करता रहा। इस तरह उसने 75 लाख रुपए ऑनलाइन व नगद राशि दे चुका। इसके अलावा 23 लाख रुपए उसने आलीम की सहयोगी डीलक्स मरकाम के खाते में ट्रांसफर करवा एक करोड़ रुपए की राशि दे चुका।
डॉक्टर की पुत्री अपर्णा रामटेके की रिपोर्ट पर कांकेर पुलिस ने धारा-420 भादवि अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना कार्यवाही में लिया गया। प्रकरण में विवेचना के दौरान उ.म.नि.वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आई.के.एलिसेला उ.ब.कांकेर के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश सिन्हा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर मोहसीन खान के मार्गदर्शन में फरार आरोपी की सघनता से पतासाजी की जा रही थी।
आरोपी आलीम खान और डीलक्स मरकाम की पतासाजी की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर आरोपी डीलक्स मरकाम अपने निवास ग्राम चिपरेल जिला कोण्डागांव में पकड़ लिया गया। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया है। जबकि ठगी मामले का मुख्य आरोपी अलीम खान फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।