कांकेर

परिवार ने जहर खाया, 3 बच्चों की मौत, दंपति गंभीर
14-Jun-2025 5:42 PM
परिवार ने जहर खाया, 3 बच्चों की मौत, दंपति गंभीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 14 जून।
कांकेर जि़ले में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। परतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चन्दनपुर अंतर्गत ग्राम पी. व्ही. 70 शांतिनगर में एक ही परिवार के 5 लोगों ने ज़हर खा लिया, जिससे तीन बच्चों की मौत हो गई है, वहीं माता-पिता को सिविल अस्पताल पखांजूर में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। मृत बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बताया गया कि घटना शुक्रवार रात परतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चन्दनपुर अंतर्गत ग्राम पी. व्ही. 70 शांतिनगर की है। दंपति ने अपने 3 बच्चों के साथ खाना खाया और इसी खाने में जहर मिलाया गया। 

 

इस दर्दनाक घटना में परिवार के 3 मासूम बच्चों की मौत हो गई है। मृत बच्चों की पहचान वर्षा बैरागी (उम्र 11 वर्ष), दीप्ती बैरागी (उम्र 7 वर्ष) और देवराज बैरागी (उम्र 5 वर्ष) के रूप में हुई है।
माता-पिता को सिविल अस्पताल पखांजूर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

अभी तक ज़हर खाने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक तौर पर मामला घरेलू परेशानी हो सकता है।


अन्य पोस्ट