अंतरराष्ट्रीय
रूस और ईरान ने गुरुवार को ओमान सागर और उत्तरी हिंद महासागर में संयुक्त नौसैनिक अभ्यास किया. संयुक्त अभ्यास के प्रवक्ता रियर एडमिरल हसन मग़सूदलू ने बताया कि इस अभ्यास का मक़सद सुरक्षा बढ़ाना और समुद्री सहयोग को मज़बूत करना था.
यह अभ्यास ऐसे वक़्त पर हुआ है, जब ईरान को निरंतर अमेरिका से हमले की धमकियां मिल रही हैं. अमेरिका ने ईरान के पास युद्धपोत भी तैनात किए हैं. हालांकि, दोनों देशों की 'अप्रत्यक्ष' वार्ता भी जारी है.
रूस ने गुरुवार को कहा कि ईरान के आसपास तनाव पहले से कहीं ज़्यादा बढ़ गया है, क्योंकि अमेरिका ने अपने सैन्य संसाधन मिडिल ईस्ट में भेजे हैं. रूस ने ईरान और बाक़ी पक्षों से संयम और सावधानी बरतने की अपील की.
उल्लेखनीय है कि रूस का ईरान के साथ रणनीतिक साझेदारी का समझौता है, लेकिन इसमें आपसी रक्षा का प्रावधान नहीं है.
रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस हफ़्ते एक रूसी नौसैनिक जहाज़ ने ईरानी नौसेना के साथ गल्फ़ ऑफ़ ओमान में युद्धाभ्यास किया. (bbc.com/hindi)


