अंतरराष्ट्रीय

ब्रिटेन: किंग चार्ल्स के भाई एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को पुलिस ने रिहा किया
20-Feb-2026 8:37 AM
ब्रिटेन: किंग चार्ल्स के भाई एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को पुलिस ने रिहा किया

-ज़ाहरा फ़ातिमा और हफ़सा ख़लील

ब्रिटेन के किंग चार्ल्स के भाई एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को पुलिस ने रिहा कर दिया है. उन्हें गुरुवार को सार्वजनिक पद के दुरुपयोग के शक में गिरफ़्तार किया गया था.

हालांकि, उनके ख़िलाफ़ चल रही जांच अभी जारी रहेगी.

गुरुवार शाम जारी एक अपडेट में टेम्स वैली पुलिस ने पुष्टि की है कि एंड्रयू को "जांच प्रक्रिया के तहत रिहा कर दिया गया है". बयान में यह भी कहा गया कि नॉरफ़ॉक में की जा रही तलाशी अब पूरी हो चुकी है.

किंग चार्ल्स तृतीय ने एंड्रयू की गिरफ़्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि "क़ानून को अपना काम करने दिया जाना चाहिए". उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस को उनका "पूरा समर्थन और सहयोग" है.

टेम्स वैली पुलिस ने पहले कहा था कि वह यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन के साथ एंड्रयू के संबंधों से जुड़े आरोपों की जांच पर विचार कर रही है.

पुलिस ने यह भी कहा कि वह जेफ़री एपस्टीन के साथ कथित रूप से गोपनीय जानकारी साझा किए जाने के आरोपों की भी समीक्षा कर रही है.

हाल ही में अमेरिकी सरकार की ओर से जारी किए गए दस्तावेज़ों में एपस्टीन और एंड्रयू की बातचीत शामिल थी.


अन्य पोस्ट