अंतरराष्ट्रीय
ब्राज़ील के राष्ट्रपति लूला द सिल्वा एआई इंपैक्ट समिट और भारत के साथ द्विपक्षीय वार्ताओं में हिस्सा लेने के लिए भारत आ चुके हैं.
भारत पहुंचने के बाद उन्होंने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी के विस्तार पर ज़ोर दिया.
राष्ट्रपति लूला ने कहा, "मैं हमारे देशों के बीच संबंधों को मज़बूत करने के एक अहम एजेंडे के साथ भारत पहुंचा हूं. मैं नई दिल्ली में उन प्रतिबद्धताओं को आगे बढ़ाऊंगा जो व्यापार, रणनीतिक साझेदारी और तकनीक, ऊर्जा, कृषि और स्थिरता जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करेंगी."
उन्होंने कहा कि उनका यह भारत दौरा पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्राज़ील यात्रा के जवाब में हो रहा है.
राष्ट्रपति लूला ने कहा, "यह उस साझेदारी को आगे बढ़ाने की एक और कड़ी है, जो 2006 से ही रणनीतिक रही है. इसमें आगे और विस्तार की अपार संभावनाएं हैं."
ब्राज़ील के राष्ट्रपति ने कहा कि वह इनोवेशन, आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस और सतत विकास के मुद्दे पर बातचीत को आगे बढ़ाएंगे.
राष्ट्रपति लूला के साथ ब्राज़ील के बिजनेस लीडर्स का एक प्रतिनिधिमंडल भी भारत पहुंचा है. लूला 18 से 22 फरवरी तक भारत में रहेंगे. (bbc.com/hindi)


