अंतरराष्ट्रीय

ब्रिटेन में एंड्रयू माउंटबेटेन विंडसर गिरफ्तार
19-Feb-2026 8:34 PM
ब्रिटेन में एंड्रयू माउंटबेटेन विंडसर गिरफ्तार

ब्रिटेन की पुलिस ने एंड्रयू माउंटमबेटेन विंडसर को गिरफ्तार कर लिया है. विंडसर ब्रिटेन के वर्तमान किंग चार्ल्स के भाई और पूर्व प्रिंस हैं. उन पर सार्वजनिक पद का दुरुपयोग करने के आरोप हैं. समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक ब्रिटेन की थेम्स वैली पुलिस ने यह जानकारी दी है. थेम्स वैली पुलिस के कार्यक्षेत्र में  पश्चिमी लंदन का इलाका है. जिसमें माउंटबेटेन विंडसर का पुराना घर भी शामिल है. पुलिस का कहना है कि वह उन खबरों की पड़ताल कर रही है जिनमें कहा गया है कि पूर्व प्रिंस एंड्रयू ने यौन अपराधी जेफ्री एप्सटीन को 2010 में कारोबारी रिपोर्ट भेजी थी. 

यौन अपराधों के दोषी करार दिए गए जेफ्री एप्सटीन से जुड़े हजारों दस्तावेज अमेरिका में सार्वजनिक किए जा रहे हैं. इन दस्तावेजों ने कई प्रमुख हस्तियों के एप्सटीन से संबंध होने की जानकारी दी है.
 
ब्रिटेन के कानून के मुताबिक पुलिस ने उनका नाम नहीं बताया. हालांकि यह जरूर कहा है कि उन्होने एक शख्स को गिरफ्तार किया है जिसकी उम्र 60 साल से ज्यादा है. एंड्रयू माउंटबेटेन की उम्र 66 साल है. गिरफ्तारी की खबरें तब आई जब नॉरफोक के सांडरिंघम इस्टेट में वुड फार्म के बाहर पुलिस की गाड़ियां नजर आईं. वहां सादे कपड़ों में पुलिस अधिकारियों की तस्वीरें भी दिखीं.

पुलिस ने बयान जारी कर कहा है कि वह इस मामले की संवेदनशीलता और लोगों के हितों को समझती है और उचित समय पर इस खबर का अपडेट दिया जाएगा.  (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट