अंतरराष्ट्रीय
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि दुनिया को "शायद अगले 10 दिनों में" पता चल जाएगा कि अमेरिका ईरान के साथ समझौते पर पहुंचेगा या सैन्य कार्रवाई करेगा.
वॉशिंगटन डीसी में 'बोर्ड ऑफ पीस' की उद्घाटन बैठक में ट्रंप ने परमाणु कार्यक्रम को लेकर ईरान के साथ चल रही बातचीत के बारे में कहा, "हमें एक ऐसा समझौता करना होगा जो सार्थक हो, नहीं तो बुरी चीज़ें होंगी."
हाल के दिनों में अमेरिका ने मध्य पूर्व में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ाई है. उधर, स्विट्ज़रलैंड में अमेरिकी और ईरानी वार्ताकारों के बीच बातचीत में प्रगति की भी ख़बरें आई हैं.
डेमोक्रेटिक सांसदों और कुछ रिपब्लिकन नेताओं ने अमेरिकी संसद की मंज़ूरी के बिना ईरान में किसी भी संभावित सैन्य कार्रवाई का विरोध जताया है.
अपने संबोधन में ट्रंप ने कहा कि विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और जैरेड कुशनर ने ईरान के साथ "कुछ बहुत अच्छी बैठकें" की हैं. कुशर ट्रंप के दामाद भी हैं.
ट्रंप ने कहा, "सालों से यह साबित हुआ है कि ईरान के साथ एक सार्थक समझौता करना आसान नहीं है." (bbc.com/hindi)


