अंतरराष्ट्रीय

ईरान ने कहा, 'हम युद्ध नहीं चाहते लेकिन ये हुआ तो हम तैयार हैं'
07-Feb-2026 9:31 AM
ईरान ने कहा, 'हम युद्ध नहीं चाहते लेकिन ये हुआ तो हम तैयार हैं'

भारत में ईरान के राजदूत ने अमेरिका के साथ चल रहे तनाव पर प्रतिक्रिया दी है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ ईरानी राजदूत मोहम्मद फ़तहाली पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे.

इसी दौरान उनसे पूछा गया कि अगर अमेरिका ईरान पर हमला करता है या मौजूदा तनाव बड़े युद्ध में बदल जाए तो ईरान इसके लिए कितना तैयार है?

मोहम्मद फ़तहाली ने कहा, "ईरान बिल्कुल भी युद्ध नहीं चाहता. लेकिन हम सभी विकल्पों के लिए तैयार हैं. युद्ध के नतीजों को भी देखना चाहिए."

उन्होंने कहा, "हम बातचीत के लिए तैयार हैं, और हम इस बातचीत के नतीजे का इंतज़ार कर रहे हैं. हमारा मानना ​​है कि बातचीत अच्छी होनी चाहिए. हम बातचीत का कोई मौक़ा नहीं छोड़ते हैं लेकिन बदकिस्मती से, दूसरी तरफ वाले छोड़ देते हैं और हमला करते हैं. अब वे हमारे साथ अच्छी बातचीत करना चाहते हैं..."

इस बीच बीबीसी के मध्य-पूर्व संवाददाता ह्यूगो बाशेगा के मुताबिक़ ऐसे वक़्त में जब अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव की आशंका बढ़ गई है,दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी ओमान में बातचीत के लिए मौजूद हैं.

ये बातचीत पिछले महीने ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों पर हुई हिंसक कार्रवाई के जवाब में मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सेना की तैनाती के बाद हो रही है, जिसके बारे में मानवाधिकार समूहों का कहना है कि इसमें हज़ारों लोग मारे गए थे.

ह्यूगो बाशेगा के मुताबिक़, माना जा रहा है कि ये बातचीत अप्रत्यक्ष है और इसका दायरा अभी स्पष्ट नहीं है, क्योंकि दोनों देशों के बीच आपसी भरोसे की कमी के कारण उनके रुख़ में काफी अंतर है.

इस बातचीत में अमेरिकी दल की अगुवाई विशेष दूत स्टीव विटकॉफ, जबकि ईरानी टीम की अगुवाई विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची कर रहे हैं. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट