अंतरराष्ट्रीय
-बर्न्ड डेबसमैन जूनियर
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया से वो वीडियो हटा दिया है, जिसमें पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और मिशेल ओबामा को लेकर एक नस्लवादी क्लिप शामिल थी.
'द लायन स्लीप्स टुनाइट' गाने पर 62-सेकंड के वीडियो के आख़िर में यह क्लिप थी, जिसे ट्रंप ने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में 'वोटर फ़्रॉड' के दावों के साथ शेयर किया था.
शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "मैंने कोई ग़लती नहीं की."
उन्होंने कहा कि पोस्ट करने से पहले उन्होंने वीडियो की सिर्फ़ शुरुआत देखी थी और उन्हें नहीं पता था कि इसमें ओबामा के बारे में किसी तरह का अपमानजनक चित्रण है.
इसके लिए उन्होंने अपने स्टाफ़ के एक सदस्य को दोषी ठहराया.
यह वीडियो ट्रंप के ट्रुथ सोशल पर लगभग बारह घंटे तक रहा. व्हाइट हाउस ने शुरू में इस क्लिप का बचाव करते हुए इसे "इंटरनेट मीम वीडियो" बताया था.
लेकिन कड़े विरोध के बाद पोस्ट को ट्रंप के ट्रुथ सोशल अकाउंट से हटा लिया गया. (bbc.com/hindi)


