अंतरराष्ट्रीय

इस्लामाबाद में हुए धमाके पर दुनिया भर के नेताओं ने क्या कहा
07-Feb-2026 11:03 AM
इस्लामाबाद में हुए धमाके पर दुनिया भर के नेताओं ने क्या कहा

इस्लामाबाद के शिया इमामबाड़े में शुक्रवार को हुए बम धमाके पर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस सहित दुनिया भर के नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है.

इस धमाके में 30 से ज़्यादा लोगों की मौत हुई है और 170 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने एक्स पर पोस्ट किया, "मैं पाकिस्तान के इस्लामाबाद में एक मस्जिद में नमाज़ियों पर हुए हमले की निंदा करता हूं. नागरिकों और पूजा स्थलों पर हमले बर्दाश्त नहीं किए जा सकते. इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों की पहचान करके उन्हें सज़ा मिलनी चाहिए."

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा, "पाकिस्तान के इस्लामाबाद के पास एक मस्जिद में हुए बम धमाके के बारे में जानकर बहुत दुःख हुआ, जिसमें कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई और 150 से ज़्यादा लोग घायल हो गए."

उन्होंने पाकिस्तान के लोगों, पीड़ितों, घायलों और उनके प्रियजनों के प्रति कनाडा का समर्थन व्यक्त किया.

ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेट कूपर ने एक्स पर पोस्ट किया, "मेरी संवेदनाएं पीड़ितों, परिवारों और सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं. ब्रिटेन आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में और ऐसी बेमतलब हिंसा से प्रभावित सभी समुदायों के समर्थन में पाकिस्तान के साथ है."

अज़रबैजान के विदेश मंत्रालय ने कहा, "हम हिंसा और आतंकवाद के इस घिनौने कृत्य की कड़ी निंदा करते हैं...अज़रबैजान पाकिस्तान के साथ खड़ा है और शांति, स्थिरता और आतंकवाद के सभी रूपों के ख़िलाफ़ लड़ाई में अपने पक्के समर्थन की पुष्टि करता है."

जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल ने पोस्ट किया, "इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए भयानक आत्मघाती बम हमले के बारे में सुनकर मुझे बहुत दुःख हुआ है. मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं. इस मुश्किल समय में जर्मनी पाकिस्तान के साथ है."

भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा है, "इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुआ बम धमाका निंदनीय है और भारत इसमें हुई मौतों पर शोक ज़ाहिर करता है." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट