गरियाबंद
अतरमरा में किसानों की वर्षों पुरानी मांग पूरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 17 नवंबर। ग्राम अतरमरा में सोमवार को नवीन धान उपार्जन केंद्र का लोकार्पण एवं शुभारंभ राजिम विधायक रोहित साहू ने किया। केंद्र शुरू होने से अतरमरा सहित आसपास के गांवों के किसानों को अब धान बेचने के लिए दूर के केंद्रों तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनका समय और परिवहन खर्च बचेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने की। पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला उपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा और जिला पंचायत सभापति शिवांगी चतुर्वेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विधायक रोहित साहू ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी और 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
चंदूलाल साहू ने कहा कि धान उपार्जन केंद्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिलेगी। पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय और भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने भी केंद्र शुरू होने पर क्षेत्र के किसानों को बधाई दी।
विधायक रोहित साहू ने ग्रामवासियों की मांग पर नहर में पुलिया निर्माण, हल्बा समाज के लिए सामुदायिक भवन और नवीन धान उपार्जन केंद्र में किसान कुटीर निर्माण के लिए राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।
कार्यक्रम में सरपंच केजा बाई सोम, देवकुमार दीवान, हेमंत ध्रुव, तेजकुंवर कंडरा, सुरेश दीवान, गोविंद तिवारी, टीकमचंद साहू, उपसरपंच यश कुमार सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे।