गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम , 16 नवंबर। छत्तीसगढ़ में प्रकृति और पर्यावरण से जुड़े छठ पर्व को बहुत उत्साह और खुशी के साथ मनाया जाता है,अब यह त्यौहार केवल यूपी बिहार के या पूर्वांचल के लोग ही नहीं करते बल्कि देश के कोने कोने में बसे इस अंचल के लोग भी बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ छठ पर्व को मनाते हैं।
रविवार को सूर्य देव को अघ्र्य दिया गया और सोमवार को सूर्योदय के समय पुन: उन्हें अघ्र्य देकर सूर्य भगवान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। नगर में महानदी के छठ घाटों में झालर झंडा और पंडाल लगाकर व्रती स्त्रियों और छठ पर्व मानने वाले भक्तों के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से बड़ी अच्छी व्यवस्था की गई है। आज भी अस्ताचल गामी सूर्य देव को अघ्र्य देने के उत्सव में नगर पालिका अध्यक्ष संजय ओम कुमारी साहू घाटों पर उपस्थिति रही।
रविवार को संध्या समय नगर में रहने वाले यूपी बिहार के समस्त व्रतीजन डूबते हुए सूरज को अघ्र्य देने के लिए पहुंचे थे सुहागन स्त्रियां सोलह सिंगार के साथ अपने पति एवं संतान की दीर्घायु के लिए और कुंवारी कन्याएं अपने लिए सुयोग्यवर की कामना को लेकर घाटों पर पहुंची थी और उन्होंने बड़ी श्रद्धा और भक्ति के साथ इस पर्व को मनाया, नगर के लोग भी बड़ी उत्सुकता से इस उत्सव को देखने पहुंचे और सभी ने एक दूसरे को शुभकामनाएं दी।