गरियाबंद
टेकारी में साढ़े 13 लाख से निर्मित किसान कुटीर का लोकार्पण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 16 नवंबर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू ने रविवार को क्षेत्र के पांच धान उपार्जन केंद्रों बेंद्री, सिवनी, टेकारी, अभनपुर एवं उमरपोटी में धान खरीदी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर टेकारी में 13.50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित किसान कुटीर का लोकार्पण भी किया।
विधायक ने पांचों केंद्रों में प्रथम किसानों का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया। उन्होंने बारदाने, तौल मशीन, नमी मापक यंत्र, पेयजल, छाया एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ खरीदी करने तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीद रही है। किसानों का सम्मान और उनकी समृद्धि सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि टेकारी में किसान कुटीर बनने से दूर-दराज से आने वाले किसानों को धूप, बारिश और ठंड से राहत मिलेगी तथा विश्राम के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सहकारी समितियों के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों ने नई सुविधा के लिए विधायक का आभार जताया।