गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 11 नवंबर। पत्रकारिता की दुनिया में अपनी पहचान बना चुके ताबीर हुसैन अब बड़े पर्दे पर भी नजर आएंगे। उनकी दूसरी फिल्म ‘आएं बाएं साएं’ 20 नवंबर को रिलीज होने जा रही है। इससे पहले वे करीब तीन साल पहले फिल्म ‘टीना टप्पर’ में अभिनय कर चुके हैं।
नवापारा राजिम में पले-बढ़े ताबीर पिछले दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने नवापारा से एक साप्ताहिक अखबार के जरिए पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिलहाल वे रायपुर से प्रकाशित एक नामी अखबार में यूथ सेगमेंट की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
बातचीत में ताबीर ने बताया कि उन्हें पहली बार फिल्म में अभिनय का मौका निर्देशक प्रणव झा ने दिया था।
इस फिल्म में भी प्रणव झा ने उन्हें एक बार फिर अवसर दिया है। अभिनय को लेकर वे सहज अंदाज में कहते हैं, मैं खुद को एक्टर नहीं मानता। मैं डायरेक्टर का एक्टर हूं। मुझे जैसा करने के लिए कहा जाता है, मैं वैसा कर देता हूं।
इंसानी और भूतिया दुनिया
फिल्म ‘आएं बाएं साएं’ के बारे में ताबीर बताते हैं कि यह इंसानी और भूतिया दुनिया के इर्द-गिर्द बुनी गई कहानी है। इसमें उन्होंने ‘रवि भूत’ का किरदार निभाया है। जो भूतों की दुनिया का फोटोग्राफर है। उनके लिए यह एक अलग तरह का अनुभव रहा, जिसमें निर्देशक के निर्देशों के मुताबिक किरदार को पर्दे पर उतारने की कोशिश की।